विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर DLSA का बड़ा अभियान: गांव-गांव पहुंचा नशामुक्ति का संदेश
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर धनबाद DLSA ने जिलेभर में 90 दिवसीय आउटरीच अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया। नुक्कड़-नाटक, शिविर और जनसंपर्क के जरिए लोगों को नशा और तंबाकू के दुष्प्रभावों से जागरूक किया गया।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर धनबाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) ने जिलेभर में तंबाकू एवं नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया। 90 दिवसीय आउटरीच अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में एक साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
यह भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े मर्डर: पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड के आरोपी गोविंदा को गोलियों से भूना

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धनबाद के निर्देश एवं अवर न्यायाधीश सह सचिव डालसा मयंक तुषार टोपनो के आदेश पर चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ समाज निर्माण की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना था।
अभियान के दौरान डालसा की टीम और पारा लीगल वालंटियरों ने गांव-गांव और पंचायत स्तर पर नुक्कड़-नाटक, जनजागरूकता शिविर और जनसंपर्क अभियान चलाए। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि तंबाकू और अन्य नशे की लत न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण बनता है। इसके साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।अधिकार मित्रों और पारा लीगल वालंटियरों ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए केवल कानून पर्याप्त नहीं, बल्कि जनजागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। यही कारण है कि डालसा लगातार गांवों और पंचायतों तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशा छोड़ने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में शामिल बच्चों और युवाओं ने भी तंबाकू निषेध के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं तंबाकू एवं अन्य प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करें, ताकि स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।






