झरिया में रोज 200 हाइवा कोयला चोरी का आरोप: सांसद ढुलू महतो बोले- माफिया घराने ने छीन लिया मजदूरों का रोजगार

झरिया के जीनागोरा में जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने कोयला चोरी, मजदूरों के रोजगार संकट, विस्थापन और आउटसोर्सिंग कंपनियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुनर्वास के बिना विस्थापन स्वीकार नहीं होगा और बंद पड़े लोडिंग प्वाइंट दोबारा शुरू कराए जाएंगे।

झरिया में रोज 200 हाइवा कोयला चोरी का आरोप: सांसद ढुलू महतो बोले- माफिया घराने ने छीन लिया मजदूरों का रोजगार
झरिया में कोयला चोरी, विस्थापन और बेरोजगारी।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झरिया क्षेत्र में कोयला चोरी, स्थानीय मजदूरों के रोजगार संकट और जबरन विस्थापन के मुद्दे पर धनबाद सांसद ढुलू महतो ने बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोदना क्षेत्र के जीनागोरा माड़ी गोदाम मोहल्ले में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग कंपनियों की आड़ में कोयला चोरी और स्थानीय मजदूरों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर DLSA का बड़ा अभियान: गांव-गांव पहुंचा नशामुक्ति का संदेश

जनसभा में सांसद ढुलू महतो ने कहा कि गरीबों और स्थानीय लोगों को बिना उचित पुनर्वास के उजाड़ने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि स्थानीय लोगों को डराकर विस्थापन कराने की कोशिश हुई तो इसका विरोध किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: धनबाद में ‘वर्चस्व की जंग’ से दहशत: 3 दिन में 3 गोलीबारी, मेयर बोले- बाघमारा बन गया नया हॉट स्पॉट

‘रोज रात 200 हाइवा कोयले की हो रही चोरी’

सांसद ने बीसीसीएल और आउटसोर्सिंग प्रबंधन पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रबंधन स्थानीय मजदूरों के लिए कोयला उपलब्ध नहीं होने की बात कहता है, लेकिन कुजामा परियोजना से हर रात लगभग 200 हाइवा कोयले की चोरी कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह खेल लंबे समय से चल रहा है और इसमें संगठित तरीके से कोयले की तस्करी हो रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोडिंग प्वाइंटों पर पहले ट्रकों में मैनुअल लोडिंग के जरिए हजारों मजदूरों की रोजी-रोटी चलती थी, उन्हें बंद कर दिया गया। इससे बड़ी संख्या में स्थानीय असंगठित मजदूर आर्थिक संकट और बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: बांसजोड़ा फायरिंग केस पर गरमाई राजनीति: धनबाद जेल में आजसू नेत्री रजनी रवानी से मिले सांसद ढुल्लू महतो

‘माफिया घराने और सिंडिकेट ने छीना मजदूरों का रोजगार’

ढुलू महतो ने आरोप लगाया कि एक माफिया घराने और उसके सिंडिकेट ने आउटसोर्सिंग प्रबंधन के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से मजदूरों के रोजगार को खत्म किया है। उन्होंने कहा कि यही लोग पहले गरीबों को उजाड़ते हैं और फिर उनके बीच जाकर सहानुभूति दिखाने का नाटक करते हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा।

‘जब तक मैं खड़ा हूं, कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता’

रोजगार संकट से जूझ रहे मजदूरों को भरोसा दिलाते हुए सांसद ने कहा कि जब तक वह जनता के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद हैं, तब तक कोई भी माफिया या प्रबंधन स्थानीय लोगों का बाल भी बांका नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि मजदूरों और प्रभावित परिवारों का एक प्रतिनिधिमंडल तैयार किया जाएगा और वह स्वयं इस प्रतिनिधिमंडल के साथ धनबाद उपायुक्त से मुलाकात करेंगे। साथ ही बंद पड़े लोडिंग प्वाइंटों पर फिर से मैनुअल लोडिंग शुरू कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर दबाव बनाया जाएगा।

बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रहे मौजूद

इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र गुप्ता, अशोक साव, सुधीर पासवान, योगेंद्र यादव, अजय निषाद, सुनील पासवान, मुन्ना वर्मा, सुबोध पासवान, मो. गफ्फार अंसारी, उज्ज्वल मंडल, सोनू मल्लिक और बबलू दास समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

झरिया में कोयला चोरी, विस्थापन और मजदूरों के रोजगार का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक रूप से गर्माता दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले पर प्रशासन और बीसीसीएल की प्रतिक्रिया भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।