कर्नाटक में चुनावी घमासान, सालों बाद उतरेंगी रैली में सोनिया गांधी, PM भी करेंगे 3 रैलियां

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा के चुनाव प्रचार के लिए दोनों प्रमुख पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का साथ देने आज उनकी मां सोनिया गांधी भी चुनावी रण में उतरेंगी। वहीं भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मंगलवार को ताबड़तोड़ रैली करेंगे। सोनिया गांधी करीब 2 सालों के बाद चुनावी रैली में हिस्सा ले रही हैं, वह शाम 4 बजे बीजापुर में रैली को संबोधित करेंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि इस रैली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। कर्नाटक चुनाव जीतने के लिए न सिर्फ कांग्रेस ने बल्कि भाजपा ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के स्टार प्रचारक पीएम मोदी मंगलवार को कर्नाटक में 3 रैलियों को संबोधित करेंगे। उनकी पहली जनसभा विजयपुरा में होगी। पीएम मोदी के तूफानी प्रचार से कर्नाटक विधानसभा चुनाव दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। भाजपा चुनाव को मोदी बनाम राहुल बनाने में जुटी है, तो कांग्रेस इसे सिद्धारमैया बनाम येदियुरप्पा के दायरे से बाहर नहीं निकलने देना चाहती है।