धनबाद: नये डीसी अमित कुमार ने चार्ज लिया, जिले के 47 वें डीसी बनेे

धनबाद: भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अमित कुमार ने रविवार को धनबाद के 47 वें डीसी के रुप में ज्वाइन कर लिया. अमित कुमार ने निर्वतमान डीसी आंजनेयुलु दोड्डे से प्रभार लिया. नये डीसी अमित कुमार को धनबाद पहुंचने पर निवर्तमान डीसी बुके देकर स्वागत किया.सरकार ने दो दिन पहले कई जिलों के डीसी का ट्रांसफर किया है. जमशेदपुर के डीसी अमित को धनबाद व धनबाद के डीसी ए दोड्डे को सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर का डीसी बनाया गया है. दोड्डे से वर्ष 2016 की 23 जून से धनबाद डीसी थे. धनबाद में डीसी का चार्ज लेने के बाद अमित कुमार ने कहा कि सभी स्टेक होल्डर्स के साथ एक बैठक कर जिले की मूलभूत समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर उसका समाधान करेंगे. विकास के लिए जो कुछ भी हो सकता है वह किया जायेगा. उन्होंने कहा कि जिले की समस्या के निराकरण में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर विकास कार्यों को गति प्रदान करेंगे. डीसी ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर पर विशेष फोकस रहेगा. मौके पर डीडीसी शशि रंजन, एसी श्याम नारायण राम, एडीएम (लॉ एं ऑर्डर) राकेश कुमार दुबे, डीआरडीए के डायरेक्टर संजय भगत, डीसीएलआर सतीश चंद्र, जिला पंचायत राज पदाधिकारी चंद्रजीत समेत अन्य अफसर उपस्थित थे. डीसी ने पदभार ग्रहण के बाद अफसरों से परिचय प्राप्त किया.