डीसी-एसएसपी ने शॉल ओढाकर और मुंह मीठा करा दीपावली की शुभकामनाएं दी
धनबाद:डीसी अमित कुमार ने दीपोत्सव के शुभ अवसर पर रविवार के वीर सपूत शहीद शशिकांत पांडेय के माता-पिता को दीपावली का तोहफा दिया. शॉल ओढ़ाकर और मुंह मीठा कर दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी.सम्मान पाकर शहीद शशिकांत के माता-पिता की आंखें भर आई. डीसी ने बताया कि वे हर दीपावली के अवसर पर देश के लिए अपनी कुर्बानी देने वाले वीर सपूत के घर जाते हैं और उनके परिजनों के साथ मिलकर दीपावली की खुशियां मनाते हैं.इसी कड़ी में वह आज एसएसपी किशोर कौशल के साथ शहीद शशिकांत पाण्डेय के जोरापोखर स्थित आवास पहुंचे. शहीद शशिकांत पांडेय की माता ललिता देवी व पिता राजेश्वर पाण्डेय को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी.शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. डीसी उन्हें बलियापुर अंचल में शहीद शशिकांत पाण्डेय की स्मृति में सैनिक बंदोबस्ती के अंतर्गत 10 डिसमिल जमीन के कागजात सौंपे.डीसी से सम्मान एवं जमीन के कागजात पाकर शहीद के माता-पिता भावुक हो उठे ओर उनकी आंखें भर आई.

उल्लेखनीय है कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंपोर में 17 दिसंबर 2016 को आतंकियों ने सेना के काफिले को निशाना बनाया था. इस हमले में शशिकांत पांडेय शहीद हो गये थे. शहीद जवान को रांची नामकुम कैम्प में गर्वनर दौपद्री मुर्मू व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी थी. शहीद शशिकांत पाण्डेय के पार्थिव शरीर को एमआई 17 हेलीकॉप्टर से धनबाद लाया गया था.हवाई पट्टी पर मिनिस्टर अमर बाउरी सहित तमाम प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी ने श्रद्धासुमन अर्पित किये थे.

कोयलांचल में शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए तिरंगे के साथ पूरे शहर में सड़क पर जनसैलाब उमड़ा था. शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके सम्मान में दुकाने बंद कर दी गयी थी. प्राइवेट स्कूल भी बंद रहे. मोहलबनी घाट पर शहीद शशिकांत का अंतिम संस्कार सैनिक सम्मान के साथ किया गया था.

शहीद शशिकांत पाण्डेय ने जोड़ापोखर के ज्ञान भारती से मैट्रिक किया था. झरिया के राजा शिवप्रसाद कॉलेज से उन्होंने इंटर पास किया था. शशिकांत 17 दिसंबर 2013 को सेना में भर्ती हुए और 17 दिसंबर 2016 को वीर गति को प्राप्त हुए.