पश्चिम बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के सबसे खास चंद्रनाथ रथ की गोलियों से भूनकर हत्या, बीजेपी ने लगाया साजिश का आरोप
पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। बाइक सवार हमलावरों ने कार रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की। बीजेपी ने ममता बनर्जी सरकार पर राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है।
कोलकाता (Threesocieties.com Desk): पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। अब भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के सबसे करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। बुधवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार रोककर बेहद करीब से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनका ड्राइवर बुद्धदेव बेड़ा गंभीर रूप से घायल है।
यह भी पढ़ें: बिहार: सम्राट चौधरी कैबिनेट का मेगा विस्तार: नीतीश के बेटे निशांत बने मंत्री, 32 नेताओं ने ली शपथ
घटना के बाद पूरे बंगाल में राजनीतिक भूचाल आ गया है। भाजपा ने इसे “सुनियोजित राजनीतिक हत्या” बताते हुए सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है।
रात 11:15 बजे मध्यमग्राम में मौत का तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चंद्रनाथ रथ अपनी कार से बारासात की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी मध्यमग्राम इलाके में पहुंची, बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। कार रुकते ही हमलावरों ने बेहद करीब से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। चंद्रनाथ के सीने में तीन गोलियां लगीं। खून से लथपथ हालत में उन्हें तत्काल VIVA City Hospital ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर बुद्धदेव बेड़ा का इलाज जारी है।
अस्पताल पहुंचे शुभेंदु अधिकारी, बीजेपी नेताओं में भारी आक्रोश
घटना की खबर मिलते ही शुभेंदु अधिकारी तुरंत मध्यमग्राम पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, सांसद अर्जुन सिंह, कौस्तव बागची समेत कई वरिष्ठ नेता भी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर और घटनास्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। “जय श्रीराम” के नारों के बीच हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गयी।
बीजेपी का बड़ा आरोप- “राजनीतिक साजिश के तहत हत्या”
भाजपा नेता नवीन मिश्रा ने इस हत्या को “सोची-समझी साजिश” बताते हुए कहा कि यह हमला सीधे शुभेंदु अधिकारी को कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव परिणामों के बाद बंगाल में राजनीतिक प्रतिशोध का दौर शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि: “चंद्रनाथ रथ कोई बड़े राजनीतिक चेहरे नहीं थे, लेकिन वे शुभेंदु अधिकारी के सबसे भरोसेमंद साथी थे। उन्हें निशाना बनाकर संदेश देने की कोशिश की गयी है।”
डीजीपी ने कहा- बाइक पर लगा था फर्जी नंबर प्लेट
राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता भी देर रात घटनास्थल पहुंचे। शुरुआती जांच के बाद उन्होंने बताया कि हमलावर जिस बाइक से आये थे, उस पर सिलीगुड़ी का नंबर प्लेट लगा था, लेकिन नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गयी थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कई जगहों पर नाकेबंदी की गयी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
कौन थे चंद्रनाथ रथ?
चंद्रनाथ रथ सिर्फ एक निजी सहायक नहीं, बल्कि शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक और संगठनात्मक ढांचे की रीढ़ माने जाते थे। वे पिछले करीब आठ वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे।
वायु सेना के पूर्व अधिकारी थे चंद्रनाथ
चंद्रनाथ रथ मूल रूप से पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। उन्होंने राहरा रामकृष्ण मिशन से पढ़ाई की और बाद में भारतीय वायु सेना में शॉर्ट सर्विस कमीशन अधिकारी बने। सेना से रिटायर होने के बाद वे राजनीति में सक्रिय हुए और शुभेंदु अधिकारी के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल हो गये।
शुभेंदु के “साये” की तरह रहते थे
भाजपा नेताओं के मुताबिक चंद्रनाथ रथ शुभेंदु अधिकारी के हर राजनीतिक कार्यक्रम, रैली, रणनीति और बैठकों का संचालन करते थे। नंदीग्राम चुनाव से लेकर भवानीपुर उपचुनाव तक उन्होंने पर्दे के पीछे बड़ी भूमिका निभायी थी। बीजेपी के अंदर उन्हें शुभेंदु अधिकारी का “शैडो मैन” कहा जाता था।
मध्यमग्राम और उत्तर 24 परगना में तनाव
हत्या के बाद पूरे मध्यमग्राम इलाके में भारी तनाव फैल गया है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया है। भाजपा ने राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
बीजेपी की मांग- “ममता सरकार को बर्खास्त किया जाये”
भाजपा नेता नवीन मिश्रा ने राज्यपाल से मांग की है कि बंगाल में संवैधानिक व्यवस्था बहाल करने के लिए ममता सरकार को बर्खास्त किया जाये। उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए “अधिकार प्राप्त समिति” बनाने की मांग भी उठायी है।
बंगाल में फिर बढ़ा राजनीतिक तापमान
चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को एक बार फिर उबाल पर ला दिया है। भाजपा इसे लोकतंत्र की हत्या बता रही है, जबकि पुलिस अभी जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। अब पूरे राज्य की नजर इस बात पर है कि आखिर शुभेंदु अधिकारी के सबसे करीबी सहयोगी की हत्या के पीछे कौन लोग हैं और क्या यह सचमुच राजनीतिक साजिश थी या फिर इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।






