‘सेवा -संघर्ष जारी है’ धनबाद सांसद ढुलू महतो के जनसेवा के 2 साल पूरे, बोले- जनता का विश्वास ही मेरी ताकत
धनबाद लोकसभा सांसद ढुलू महतो के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर समर्थकों में उत्साह है। सांसद ने रेलवे, सड़क, एयरपोर्ट, रोजगार, विस्थापितों और विकास कार्यों को अपनी प्राथमिकता बताते हुए जनता का आभार जताया।
HighLights
- सांसद ढुलू महतो के जनप्रतिनिधि के रूप में दो वर्ष पूरे
- रेलवे, सड़क, पुल, एयरपोर्ट और विस्थापितों के मुद्दों को बताया प्राथमिकता
- समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने दी बधाइयां, विकास कार्यों की गिनाईं उपलब्धियां
- सांसद बोले- जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए सांसद ढुलू महतो के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे हो गए हैं। पांच जून का दिन उनके राजनीतिक सफर में इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसी दिन लोकसभा चुनाव में जीत के बाद उन्हें प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ था। दो वर्ष पूरे होने के मौके पर उन्हें क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों की ओर से लगातार बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
यह भी पढ़ें: वेकेशन में भी फुल स्पीड में झारखंड हाई कोर्ट: जस्टिस आर मुखोपाध्याय की बेंच ने 853 मामलों का किया निष्पादन

सांसद ढुलू महतो ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल को जनता के विश्वास, स्नेह और सहयोग की यात्रा बताते हुए कहा कि यह केवल समय का एक पड़ाव नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने धनबाद की जनता की आवाज को हर मंच पर मजबूती से उठाने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि रेलवे से जुड़ी आवश्यकताओं, सड़क और पुल निर्माण, रोजगार सृजन, विस्थापित परिवारों के अधिकार, धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण तथा ऊर्जा क्षेत्र के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों और संसद तक पहुंचाया गया। उनका कहना है कि क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर लगातार प्रयास किए गए ताकि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जा सके।
सांसद ने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहा है कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। युवाओं के भविष्य, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों, मजदूरों और आम लोगों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए लगातार काम किया गया है।
उन्होंने स्वीकार किया कि दो वर्षों के दौरान कई चुनौतियां भी सामने आईं, लेकिन जनता के विश्वास और सहयोग ने हर कठिनाई का सामना करने की शक्ति दी। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुःख में सहभागी बनना, उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान के लिए संघर्ष करना ही उनके सार्वजनिक जीवन का मूल उद्देश्य रहा है।
इस अवसर पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने सांसद ढुलू महतो के कार्यकाल को विकासोन्मुख बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में धनबाद लोकसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। समर्थकों ने दावा किया कि रेल, सड़क, पुल, एलिवेटेड ब्रिज, सोलर लाइट और आधारभूत संरचना से जुड़े कई कार्यों को गति मिली है।
अपने संदेश के अंत में सांसद ढुलू महतो ने क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में भी वे उसी समर्पण, प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ धनबाद के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने कहा— “सेवा जारी है… संघर्ष जारी है… और धनबाद के विकास का संकल्प अटल है।”






