धनबाद : ‍‍BCCL में नौकरी के लिए बेटे ने करवाई पिता की हत्या, 10 लाख की सुपारी देकर रची थी साजिश

धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बीसीसीएल में नौकरी पाने के लिए बेटे ने 10 लाख रुपये की सुपारी देकर अपने ही पिता की हत्या करवा दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद किया।

धनबाद : ‍‍BCCL में नौकरी के लिए बेटे ने करवाई पिता की हत्या, 10 लाख की सुपारी देकर रची थी साजिश
धनबाद में दिल दहला देने वाला खुलासा।

     Highlights

  • बरोरा थाना क्षेत्र के चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
  • मृतक के बेटे ने बीसीसीएल में अनुकंपा नौकरी पाने के लिए रची साजिश
  • 10 लाख रुपये की सुपारी देकर पिता की हत्या कराने का आरोप
  •  पुलिस ने हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
  • खून लगे पत्थर, बाइक, मोबाइल और कपड़े बरामद।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है, क्योंकि हत्या की साजिश किसी और ने नहीं बल्कि मृतक के अपने ही बेटे ने रची थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि बेटे ने बीसीसीएल में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने के लिए अपने पिता की हत्या की सुपारी 10 लाख रुपये में दी थी।

यह भी पढ़ें: झारखंड: रांची में गूंजी कदमताल, 440 नए पुलिस अफसर और जवान बने झारखंड की नई सुरक्षा ढाल

सुबह सड़क किनारे मिला था शव

20 जून 2026 की सुबह करीब 4:45 बजे बरोरा थाना को सूचना मिली कि चिटाही से बरोरा जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे झाड़ियों के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक की ओर से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बाघमारा) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

जांच में सामने आई खौफनाक सच्चाई

एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनियां के रूप में की। तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक का मंझला पुत्र विजय नोनियां अपने पिता की मौत के बाद बीसीसीएल में अनुकंपा के आधार पर नौकरी हासिल करना चाहता था। इसी लालच में उसने अपने पिता की हत्या की साजिश रची और दो लोगों को 10 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवा दी।

हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कई अहम सबूत बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं—

हत्या में प्रयुक्त दो खून लगे पत्थर।
घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (JH-10DD-4358)।
आरोपियों के खून लगे कपड़े, जूते, चप्पल और गमछा।
मृतक का खून लगा गमछा।
हत्या में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन।

गिरफ्तार आरोपी
अखिलेश मल्लाह (33 वर्ष) – निवासी बुदोरा, थाना मधुबन, धनबाद।
अमित कुमार सिंह (36 वर्ष) – निवासी बुदोरा, थाना मधुबन, धनबाद।
विजय नोनियां (34 वर्ष) – मृतक का पुत्र, निवासी बुदोरा बीसीसीएल क्वार्टर, थाना मधुबन, धनबाद।

पुलिस टीम की बड़ी सफलता

इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने अहम भूमिका निभाई। टीम में पुलिस निरीक्षक मो. रूस्तम, बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार, मधुबन थाना प्रभारी शुभम कुमार, सोनारडीह ओपी प्रभारी दिलीप पाल, बरोरा थाना के सुबोध प्रमाणिक, आरक्षी मिथुन कुमार समेत सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जिले भर में सराहना हो रही है। वहीं, पिता की हत्या की साजिश में बेटे की संलिप्तता सामने आने के बाद पूरे इलाके में हैरानी और आक्रोश का माहौल है।