बिहार: बड़ा हादसा टला:बाल-बाल बचे मोकामा विधायक अनंत सिंह, फोरलेन पर काफिले की कई गाड़ियां टकराईं
पटना लौट रहे मोकामा विधायक अनंत सिंह का काफिला अथमलगोला के सबनिमा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक रुकने से काफिले की तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में कुछ समर्थक मामूली रूप से घायल हुए, जबकि विधायक सुरक्षित हैं।
HighLights
- मोकामा विधायक अनंत सिंह का काफिला अथमलगोला में दुर्घटनाग्रस्त
- ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक रुकने से आपस में टकराईं कई गाड़ियां
- तीन वाहन क्षतिग्रस्त, कुछ समर्थकों को मामूली चोटें
- विधायक अनंत सिंह पूरी तरह सुरक्षित
पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार के मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह गुरुवार की रात एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनिमा गांव के समीप मोकामा-पटना फोरलेन पर उनके काफिले में शामिल कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में कुछ समर्थकों को मामूली चोटें आईं, जबकि विधायक पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ेें:Bihar IPS Transfer: बिहार पुलिस में मेगा ट्रांसफर: पटना से पूर्णिया तक बदले पुलिस कप्तान,13 जिलों को मिले नए SP
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक अनंत सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र के बादपुर गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने के बाद पटना लौट रहे थे। इसी दौरान सबनिमा गांव के पास फोरलेन पर बख्तियारपुर की ओर जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर रुक गया।
ट्रैक्टर के अचानक रुकने से काफिले में चल रही गाड़ियों के चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। इसके कारण पीछे चल रही कई गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे में काफिले के तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। काफिले में सवार कुछ समर्थकों को मामूली चोटें लगीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। अपर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि सबनिमा गांव के समीप विधायक के काफिले में शामिल कुछ वाहन आपस में टकरा गए थे। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा कि एक छोटी सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। सौभाग्य से समय रहते वाहन चालकों ने नियंत्रण बनाए रखा और एक बड़ी दुर्घटना टल गई।






