प्रिंस खान गैंग पर धनबाद पुलिस का बड़ा प्रहार, हथियार सप्लायर 2 पिस्टल और 33 कारतूस के साथ गिरफ्तार
धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गैंग से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 2 पिस्टल और 33 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी गैंग के लिए हथियार जुटाने का काम करता था और रेलवे ठेकेदारों से रंगदारी वसूली की साजिश रची जा रही थी।
HighLights
- पुलिस के मुताबिक आरोपी रिजवान प्रिंस खान गैंग के लिए हथियार जुटाता था
- जेल में बंद अफजल अमन के निर्देश पर चल रहा था नेटवर्क
- रेलवे टेंडर से जुड़े ठेकेदारों से रंगदारी वसूलने की थी तैयारी
- हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़ा मोबाइल फोन भी बरामद
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद पुलिस ने संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चिरकुंडा थाना क्षेत्र से प्रिंस खान गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, 33 जिंदा कारतूस और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़ा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
यह भी पढ़ें: धनबाद : BCCL में नौकरी के लिए बेटे ने करवाई पिता की हत्या, 10 लाख की सुपारी देकर रची थी साजिश
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निरसा थाना क्षेत्र के वृंदावनपुर निवासी मो. रिजवान सिद्दीकी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के संगठित आपराधिक गिरोह के लिए हथियार जुटाने और सप्लाई करने का काम करता था।
बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में था आरोपी
धनबाद के ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। वह अपने एक परिचित के घर में भारी मात्रा में हथियार और कारतूस जमा कर रहा था।सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने चिरकुंडा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मौके से हथियारों का जखीरा बरामद किया।
बरामद हुए अत्याधुनिक हथियार और कारतूस
पुलिस द्वारा बरामद किए गए हथियारों में एक 9 एमएम पिस्टल मैगजीन सहित तथा एक 7.65 एमएम देशी पिस्टल मैगजीन सहित शामिल है। इसके अलावा कुल 33 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें कथित तौर पर हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई से जुड़ी बातचीत के साक्ष्य मिले हैं।
जेल में बंद अफजल अमन के इशारे पर चल रहा था नेटवर्क
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि जेल में बंद अपराधी अफजल अमन के निर्देश पर हथियार और गोलियां इकट्ठा की जा रही थीं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
रेलवे ठेकेदारों से रंगदारी वसूली की थी योजना
प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आने वाले दिनों में रेलवे टेंडर से जुड़े ठेकेदारों और व्यवसायियों को प्रिंस खान गिरोह के नाम पर धमकाकर रंगदारी वसूली की योजना बनाई जा रही थी। पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई।
आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में चिरकुंडा थाना में आर्म्स एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।






