धनबाद में दामोदर नदी किनारे मोहाना बनाकर हो रहा अवैध कोयला खनन, सरयू राय ने उठाये सवाल

झारखंड के धनबाद में दामोदर नदी किनारे मोहाना बनाकर अवैध कोयला खनन का बड़ा खुलासा हुआ है। जदयू विधायक सरयू राय ने आरोप लगाया है कि कोयला माफिया नदी के पेट से खनन कर रहे हैं और प्रशासन को इसकी पूरी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।

धनबाद में दामोदर नदी किनारे मोहाना बनाकर हो रहा अवैध कोयला खनन, सरयू राय ने उठाये सवाल
दामोदर के ‘पेट’ में सुरंग!

रांची (Threesocieties.com Desk)। झारखंड के कोयलांचल धनबाद में अवैध कोयला खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। जदयू विधायक सरयू राय ने आरोप लगाया है कि कोयला माफिया अब दामोदर नदी के पेट से मोहाना बनाकर अवैध खनन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अवैध गतिविधि अपने चरम पर पहुंच गई है और हैरानी की बात यह है कि जिला प्रशासन और पुलिस को इसकी पूरी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

यह भी पढ़ें: धनबाद: 26 दिन के प्रीमैच्योर नवजात को मिली नई जिंदगी, BCCL सेंट्रल हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने कर दिखाया कमाल

धनबाद के बारनी घाट पर दामोदर नद के भीतर कोयला का अवैध खनन चल रहा है.इसके लिए नद की धारा मोड़ दी गई है,नद किनारे कई मुहाने काटे गए हैं,भारी मशीनों का उपयोग हो रहा है,लोग प्रदर्शन कर रहे हैं.⁦पर @BCCLofficial⁩ ⁦@damodarvalleyco⁩ ⁦@DcDhanbad⁩ मूकदर्शक/संलिप्त हैं. pic.twitter.com/whwkPba4g8

— Saryu Roy (@roysaryu) February 22, 2026

सरयू राय के मुताबिक, कोयला माफिया द्वारा दामोदर नदी के किनारे से सुरंगनुमा मोहाना बनाकर कोयला निकाला जा रहा है। पोकलेन मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर उत्खनन किया जा रहा है, जिससे न केवल अवैध खनन बढ़ रहा है बल्कि नदी के अस्तित्व पर भी खतरा मंडराने लगा है।

पर्यावरण कार्यकर्ता ने जान जोखिम में डालकर भेजीं तस्वीरें

सरयू राय ने बताया कि एक जागरूक पर्यावरण कार्यकर्ता ने अपनी जान जोखिम में डालकर दूर से इन अवैध गतिविधियों की तस्वीरें खींचकर उन्हें भेजी हैं। इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि धनबाद और बोकारो जिले की सीमा पर स्थित बारनी घाट के सामने दामोदर नदी के किनारे कई मोहाने बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि अवैध खननकर्ता पोकलेन मशीन लगाकर कोयला निकालते हैं, फिर उसे बोरियों में भरकर जमा करते हैं और बाद में ट्रकों के जरिए दूसरे स्थानों तक पहुंचाया जाता है।

प्रशासन को दी गई जानकारी, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

सरयू राय ने कहा कि इस अवैध खनन की जानकारी संबंधित पर्यावरण कार्यकर्ता ने धनबाद के डीसी और एसएसपी को भी दी है। कुछ पत्रकारों ने भी इस मामले से जिला प्रशासन को अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि यदि प्रशासन को सब कुछ पता होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है, तो यह गंभीर सवाल खड़े करता है।

दामोदर नदी पर बढ़ रहा प्रदूषण और अतिक्रमण का खतरा

सरयू राय ने चेतावनी दी कि इस अवैध खनन से दामोदर नदी पर दोहरा खतरा पैदा हो गया है। एक ओर नदी का अतिक्रमण बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर खनन गतिविधियों से प्रदूषण भी तेजी से फैल रहा है। यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो पर्यावरण को भारी नुकसान हो सकता है।

विधानसभा में उठेगा मामला

जदयू विधायक ने कहा कि इस गंभीर मुद्दे को वह आने वाले विधानसभा सत्र में उठाएंगे। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि इस अवैध खनन में शामिल माफियाओं के साथ-साथ उन अधिकारियों पर भी तत्काल कार्रवाई की जाए, जिनकी लापरवाही या संरक्षण के कारण यह गतिविधि चल रही है।

जानकार सोर्सेज का कहना है कि मामला हाईलाइट होने के बाद कुछ दिनों तक इलिगल माइनिंग बंद रहा। पोकलेन मशीनों को हटा दिया गया है। आरोप है कि फिर से इस इलाके में इलिगल माइनिंग शुरु हो गया है। हालांकि प्रशासन इस तरह की घटना से इनकार कर रहा है।