Dhanbad Nagar Nigam Chunav 2026: मेयर कैंडिडेट सुशील कुमार,अखिलेश्वर महतो व पुष्पा कुमारी का नामांकन रद्द
Dhanbad Nagar Nigam Chunav 2026 में स्क्रूटनी के दौरान 3 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द। डॉ. सुशील कुमार, अखिलेश्वर महतो के अधूरे एफिडेविट और पुष्पा कुमारी की कम उम्र बनी वजह। अब मैदान में बचे 30 प्रत्याशी।
धनबाद (Threesocieties.com Desk)। झारखंड में चल रहे नगर निकाय चुनाव के तहत धनबाद नगर निगम मेयर पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) पूरी कर ली गई है। जांच प्रक्रिया के दौरान 33 नामांकन पत्रों में से 3 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया गया, जिससे चुनावी समीकरण अचानक बदल गया है।
यह भी पढ़ें: DGP नियुक्ति पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: समय पर प्रस्ताव नहीं भेजने वाले राज्यों पर UPSC चला सकेगा अवमानना कार्यवाही
स्क्रूटनी में जिन तीन उम्मीदवारों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है, उनमें डॉ. सुशील कुमार, अखिलेश्वर महतो और पुष्पा कुमारी शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक नामांकन रद्द होने की मुख्य वजह अधूरे दस्तावेज, एफिडेविट में जानकारी की कमी और आयु सीमा का उल्लंघन है।
किन वजहों से रद्द हुआ नामांकन?
निर्वाचन कार्यालय से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार—
डॉ. सुशील कुमार और अखिलेश्वर महतो द्वारा दाखिल नामांकन पत्रों के साथ संलग्न एफिडेविट अधूरे पाए गए।
शपथ पत्र में कई अनिवार्य कॉलम खाली थे और आवश्यक घोषणाएं पूरी तरह दर्ज नहीं थीं।
नियमों के अनुसार जरूरी जानकारियों के अभाव में दोनों का नामांकन अमान्य घोषित कर दिया गया।
वहीं तीसरी उम्मीदवार पुष्पा कुमारी (27 वर्ष) का नामांकन न्यूनतम आयु सीमा पूरी नहीं होने के कारण खारिज कर दिया गया। मेयर पद के लिए निर्धारित आयु मानकों का उल्लंघन होने पर निर्वाचन अधिकारी ने उनका पर्चा स्वीकार नहीं किया।
अब चुनावी मैदान में बचे सिर्फ 30 प्रत्याशी
स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेयर पद के लिए कुल 30 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की है। इसके बाद मेयर पद के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।नामांकन जांच पूरी होते ही धनबाद में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। प्रत्याशी अब अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनाने, जनसंपर्क और प्रचार अभियान को धार देने में जुट गए हैं।
चुनावी सरगर्मी तेज, राजनीतिक समीकरण बदले
राजनीतिक जानकारों की मानें तो तीन चर्चित नामों के बाहर होने से मेयर चुनाव का समीकरण पूरी तरह बदल गया है। अब बचे प्रत्याशियों के लिए मुकाबला और भी रोचक हो गया है। आने वाले दिनों में धनबाद का मेयर चुनाव कड़ा और दिलचस्प होने की पूरी संभावना है।






