• शिमला में होगी विपक्ष की दूसरी बैठक

पटना। लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ मजबूत मोर्चेबंदी के लिए 15 विपक्षी दलों का पटना में बैठक हुई। सीएम नीतीश कुमार के आवास पर लगभग पौने चार घंटे तक चली बैठक में गठबंधन के नाम व  संयोजक पर फैसला नहीं हो सका।   विपक्षी दलों की अगली बैठक 10 से 12 जुलाई के बीच शिमला में होगी। 

यह भी पढ़ें:Dhanbad : DRM ने बेकसूर रेल स्टाफ के उतरवाये कपड़े, साहब की बीवी से कहा था- चप्पल उतारकर अंदर जाइए


बैठक के शुरुआत में ही ममता बनर्जी ने नेताओं से महत्वाकांक्षा का त्याग करने की बात कही। शिवसेना यूबीटी के उद्धव ठाकरे ने दिल्ली के अध्यादेश को लेकर अरविंद केजरीवाल की आप को समर्थन देनेकी बात उठाई।वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला ने केजरीवाल से धारा 370 पर आप का रुख साफ करने को कहा। केजरीवाल ने अपने भाषण में दिल्ली सरकार के अधिकार को लेकर केंद्र के अध्यादेश की चर्चा की और राज्यसभा में सबका समर्थन मांगा।

सभी दलों ने साथ लड़ने पर सहमति जताई: नीतीश कुमार
बैठक के बाद बाद सभी दलों ने मिलकर ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल व एमके स्टालिन नहीं थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि एक साथ चुनाव लड़ने पर सहमति बनी है। अगली बैठक शिमला में कुछ ही दिनों में होगी। आगे की बातों पर अगली बैठक में फैसला लिया जायेगा। 
हम एकसाथ काम करेंगे: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान की नींव पर आक्रमण हो रही है। इतिहास पर, संस्थान पर बीजेपी आक्रमण कर रही है। ये विचारधारा की लड़ाई है। हमने निर्णय लिया है कि हम एकसाथ काम करेंगे। हम अपनी विचारधारा की रक्षा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि थोड़े-थोड़े मतभेद होते रहेंगे।
राहुल ने अच्छा काम किया: लालू
आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि हम अब पूरी तरह से फिट हो गये हैं। अब मोदी जी को फिट करना है। हमें एक होकर लड़ना है। साथ लड़ना है। देश टूटने के कगार पर है। अमेरिका में पीएम मोदी चंदन बांट रहे हैं। कर्नाटक में हनुमान जी ने इनको गदा मारी है। हनुमान जी हम लोग के साथ हैं। बीजेपी और मोदी का बुरा हाल होने वाला है। लालू ने इस दौरान राहुल गांधी की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि राहुल ने लोकसभा और अदाणी मुद्दे पर अच्छा काम किया। लालू यादव ने इसके साथ ही राहुल को एक सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि आप अपनी मां सोनिया गांधी की बात नहीं मानते हैं। शादी कर लीजिए, हम सब बाराती बनने के लिए तैयार हैं।
हम लोग एकजुट हैं: ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा कि पटना में बहुत सारा आंदोलन शुरू हुआ। पटना से इस मीटिंग से नया इतिहास शुरू हुआ है। पटना से जो शुरू होता है वो जनांदोलन बनता है। हम लोग एकजुट हैं। हम एकसाथ लड़ेंगे। हमें विपक्ष नहीं बोलो-हम भी देश के सिटीजन हैं। हम भी भारतमाता कहते हैं। बीजेपी का तानाशाही है।
अलग-अलग सीटो पर होगी चर्चा: खरगे
कांग्रेस प्रसिडेंट मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सभी राज्यों के लिए अलग-अलग सीटों पर होगी चर्चा। एजेंडा भी तय होगा। उन्होंने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक सभी नेता एक होकर आगे चुनाव लड़नेकी कॉमन एजेंडा तैयार कर रहेहैं। हर राज्य मेंअलग अलग ढंग सेकाम करना होगा। तमिलनाडु में क्या होना है, बिहार में क्या होना है, कश्मीर में क्या होना है, यूपी में क्या होना है, महाराष्ट्र में क्या होना है, सबका अलग स्ट्रैटजी बनाकर काम करेंगे। एकजुट होकर 2024 की लड़ाई हमको लड़ना है और बीजेपी को सत्ता से बाहर करना है।

आपसी मतभेद छोड़कर आगे बढ़ेंगे: शरद पवार
एनसीपी सुप्रीमो  शरद पवार ने कहा कि हम सब साथ लड़ेंगे। आपसी मतभेद छोड़कर आगे बढ़ेंगे।

ईमानदार संकल्प के साथ बढ़ा जाए: हेमंत सोरेन
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आज अलग-अलग विचारधारा के लोग यहां हैं। कई चीजों को ध्यान में रखते हुए आम सहमति बने। आज जो शुरुआत हुई है, वो देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। ईमानदार संकल्प के साथ बढ़ा जाए तो हर मंजिल पाई जा सकती है। साथ मिलकर आगे की लड़ाई लड़ेंगे।
केंद्र के खिलाफ जनाआंदोलन करेंगे: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले वक्त में जनाआंदोलन करेंगे। पटना का संदेश यही मिलकर काम करेंगे। देश की जनता और देश कैसे आगे बढ़े, इस पर काम करेंगे। बिहार नवजागरण का गवाह बन रहा है।
फासीवाद हिंदुत्व राज्य बनाने कोशिश: सीताराम येचुरी
माकपा के सीताराम येचुरी ने कहा कि ये फासीवाद हिंदुत्व राज्य बनाना चाहते हैं। देश के संविधान की रक्षा करनी है।

सत्ता की नहीं उसूलों की लड़ाई है: उमर
नेशनल कांफ्रेस के उमर अब्दुल्ला विपक्षी दलों का साथ आना मामूली बात नहीं है। हमारा मकसद ताकत हासिल करना नहीं है। ये सत्ता की लड़ाई नहीं, उसूलों और विचारधारा की लड़ाई है। देश के संविधान बचाने की लड़ाई है। मैं मेहबूबा मुफ्ती देश के बदनसीब इलाका से ताल्लुक रखते हैं। जम्मू कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा मिले।
तानाशाही लाने वालों का विरोध करेंगे: उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम सबकी विचारधारा अलग है। हम देश की अखंडता के लिए साथ आए हैं। देश में तानाशाही लाने वालों का विरोध करेंगे। मैं अपने आपको विपक्ष नहीं मानता। शुरूआत अच्छी होती है तो आगे सब अच्छा होता है।
गांधी के मुल्क को गोडसे का मुल्क नहीं बनने देंगे: महबूबा 
पीडीपी के महबूबा मुफ्ती जो जम्मू-कश्मीर में होता था, पूरे देश में हो रहा है। हम गांधी के मुल्क को गोडसे का मुल्क नहीं बनने देंगे। हमने गांधी के मुल्क के लिए हाथ मिलाया है। हमारी एकजुटता नीतीश के लिए बड़ी कामयाबी है।
विपक्षी दलों की महाबैठक में कांग्रेस प्रसिडेंट मल्लिकार्जुन खरगे एवं एक्स प्रसिडेंट राहुल गांधी,पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी,दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल,झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन,तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन समाजवादी पार्टी केप्रसिडेंट अखिलेश यादव,शिवसेना (यूबीटी) के चीफ उद्धव ठाकरे,एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार नेशनल कांफ्रेस के उमर अब्दुल्ला पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता महबूबा मुफ्ती, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी और अन्य नेता शामिल हुए।