साहिबगंज में हैवानियत की हद: कार से कुचलकर युवक को 1KM तक घसीटा, फिर सड़क पर फेंककर फरार
साहिबगंज में दिल दहला देने वाली घटना, कार सवारों ने युवक को टक्कर मारकर 1 किलोमीटर तक घसीटा और फिर फेंककर फरार हो गए। युवक की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी।
- साहिबगंज में खौफनाक वारदात, शहर में दहशत
साहिबगंज (Threesocieties.com Desk)। झारखंड के साहिबगंज से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 9:35 बजे एक तेज रफ्तार कार सवारों ने एक युवक को टक्कर मारने के बाद उसे कार की खिड़की से पकड़कर लगभग एक किलोमीटर तक घसीटा और फिर सड़क पर फेंककर फरार हो गये।
यह भी पढ़ें: धनबाद स्टेशन पर ट्रेन से शराब तस्करी का खेल फेल, RPF ने 48 बोतलों के साथ आरोपी गिरफ्तार
नमाज से लौट रहे युवक को बनाया शिकार
घटना के वक्त कॉलेज रोड निवासी मो. साहिन अमन मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे थे। ग्रीन होटल के पास अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनका पैर बुरी तरह घायल हो गया। जब युवक ने विरोध किया, तो कार में बैठे एक व्यक्ति ने खिड़की से उसका हाथ पकड़ लिया और वाहन को तेज रफ्तार में भगा दिया। युवक कार में लटकता रहा और जान बचाने के लिए चीखता रहा।
एक किलोमीटर तक घसीटते रहे, लोगों ने किया पीछा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार युवक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए। पीछे-पीछे दर्जनों लोग दौड़ते रहे, लेकिन कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कोई पकड़ नहीं सका। इस दौरान कई राहगीर भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे।
रेलवे दरगाह के पास फेंककर फरार
आरोपी युवक को स्टेशन के सामने रेलवे इंस्टीट्यूट गली होते हुए रेलवे पीर दरगाह के पास फेंककर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के हाथ, सीने और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है।
कार रांची की, मालिक का पता चला
जांच में सामने आया है कि कार 5 अक्टूबर 2025 को लोन पर खरीदी गई थी और यह रांची निवासी पंकज कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस अब वाहन मालिक और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी है।
नशे में थे आरोपी? साथी ने लगाया आरोप
घायल के साथी मो. अमन ने आरोप लगाया है कि कार में बैठे लोग नशे में थे और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी, इलाके में आक्रोश
नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और लोग कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।






