सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली डेयरडेविल्स को सात विकेट से हराया

नई दिल्ली: आइपीएल 2018 के 36वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली डेयरडेविल्स को सात विकेट से हरा दिया. हैदराबाद के स्पिनर राशिद खान को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया. मैच में दिल्ली के कैप्टन श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 163 रन बनाये. हैदराबाद को जीत के लिए 164 रन बनाने थे जिसे इस टीम ने 19.5 ओवर में सात विकेट शेष रहते ही बना लिये. दिल्ली के खिलाफ मिले इस जीत के बाद हैदराबाद की टीम 14 अंक के साथ पहले नंबर पर आ गयी है. वहीं दिल्ली की टीम छह अंक के साथ सातवें नंबर पर है. एलेक्स हेल्स ने 31 गेंदों पर 45 रन बनाए और उन्हें अमित मिश्रा ने क्लीन बोल्ड किया. पहले विकेट के लिए हेल्स ने 76 रन की साझेदारी की. शिखर धवन ने 30 गेंदों पर 33 रन की पारी खेली. धवन को भी अमित मिश्रा ने क्लीन बोल्ड किया. मनीष पांडे को प्लंकेट ने 21 रन पर विकेट के पीछे पृथ्वी शॉ के हाथों कैच करवाया. इसके बाद कप्तान केन विलियमसन ने नाबाद 32 रन और यूसुफ पठान ने नाबाद 27 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलायी. दिल्ली की तरफ से अमित मिश्रा को दो जबकि लियाम प्लंकेट को एक विकेट मिला. पहली पारी में दिल्ली के लिए ओपन करने आए मैक्सवेल सिर्फ दो रन बनाकर रन आउट हो गये. दिल्ली के ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने इस मैच में 36 गेंदों पर 65 रन की अच्छी पारी खेली. वो राशिद खान की गेंद पर सिद्घार्थ कौल के हाथों लपके गये. कैप्टन श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली. कौल की गेंद पर शिखर धवन ने उनका कैच पकड़ा. नमन ओझा को एक रन पर राशिद खान ने रन आउट कर दिया. रिषभ पंत को राशिद खान ने 18 रन पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. विजय शंकर ने 13 गेंदों पर नाबाद 23 रन बनाए जबकि डेनियल क्रिस्टियन सात रन पर नाबाद रहे.हैदराबाद की तरफ से राशिद खान सबसे सफल गेंदबाज रहे और दो विकेट झटके. सिद्धार्थ कौल को एक सफलता मिली.