बोकारो: गर्भवती दलित महिला की हत्या से उबाल: मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर MP ढुलू महतो का अल्टीमेटम

बोकारो के बेरमो में चार माह की गर्भवती दलित महिला अनिता देवी की हत्या मामले में राजनीति गरमा गई है। सांसद ढुलू महतो समेत कई नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बोकारो: गर्भवती दलित महिला की हत्या  से उबाल: मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर MP ढुलू महतो का अल्टीमेटम
अनिता देवी हत्याकांड में न्याय की मांग।
  • बेरमो में गर्भवती दलित महिला अनिता देवी हत्याकांड पर बढ़ा राजनीतिक दबाव
  • सांसद ढुलू महतो, चंद्रप्रकाश चौधरी और अमर बाउरी पहुंचे पीड़ित परिवार के घर
  • पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, अन्य की तलाश जारी
  • मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश

बोकारो (Threesocieties.com Desk): बेरमो विधानसभा क्षेत्र के ढोरी पांच नंबर धौड़ा में चार माह की गर्भवती दलित महिला अनिता देवी की कथित पीट-पीटकर हत्या के मामले ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। इस बहुचर्चित हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं होने से क्षेत्र में भारी आक्रोश है, जबकि पुलिस छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

यह भी पढ़ें: AIDEOA में बगावत! कुश कुमार सिंह के निष्कासन पर फूटा गुस्सा, सामूहिक इस्तीफों से BCCL इकाई में मचा हड़कंप

मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद के सांसद ढुलू महतो, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और झारखंड विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी पीड़ित परिवार के बुलावे पर मृतका के घर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

चार माह की गर्भवती थी अनिता, कोयला चुनकर लौटने के दौरान हुई थी घटना

जानकारी के अनुसार, ढोरी पांच नंबर धौड़ा निवासी महेश भुइयां की पत्नी 25 वर्षीय अनिता देवी चार माह की गर्भवती थीं। बताया जाता है कि 29 मई की रात वह अमलो रेलवे साइडिंग से जलावन के लिए कोयला चुनकर लौट रही थीं। इसी दौरान कथित रूप से संतोष साव गिरोह से जुड़े लोगों के साथ विवाद हुआ और मारपीट शुरू हो गई।

परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान अनिता जमीन पर गिर गईं, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने बेरहमी से उनकी पिटाई जारी रखी। गंभीर हालत में उन्हें सीसीएल के केंद्रीय अस्पताल ढोरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सड़क जाम, प्रदर्शन और न्याय की मांग

घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर फुसरो-डुमरी मार्ग स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक के समीप सड़क जाम कर दिया। लगभग 20 घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन लोगों को समझाने में सफल रहा।

सांसद ढुलू महतो बोले- कानून से ऊपर कोई नहीं

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सांसद ढुलू महतो ने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि निर्दोष महिला की हत्या के दोषियों को हर हाल में जेल जाना होगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से निष्पक्ष जांच, मुख्य आरोपी समेत सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

पुलिस की कार्रवाई: छह आरोपी गिरफ्तार

बेरमो एसडीपीओ रवींद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतका के पति महेश भुइयां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद विशेष टीम बनाकर छापेमारी शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बबलू कुमार, सुरेंद्र भुइयां, वीरेंद्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धीरेन भुइयां और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। हालांकि अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर बढ़ रहा दबाव

ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में देरी हो रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के सक्रिय होने के बाद अब इस मामले पर प्रशासनिक दबाव भी बढ़ गया है। फिलहाल पूरे इलाके में इस बात की चर्चा है कि आखिर मुख्य आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आएगा और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलेगा।