BIT सिंदरी में समर इंटर्नशिप की शुरुआत: देशभर के छात्रों को मिलेगा प्रैक्टिकल सिविल इंजीनियरिंग का अनुभव
BIT Sindri Summer Internship 2026: बीआईटी सिंदरी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में समर इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू हुआ। देशभर से आए छात्रों को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, लैब विजिट और तकनीकी कौशल सीखने का अवसर मिलेगा।
- देशभर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से पहुंचे छात्र
- छात्रों को ऑटोकैड, जल संसाधन और स्टैड प्रो जैसे कोर्स चुनने का मौका
- विभाग की आधुनिक प्रयोगशालाओं का कराया गया भ्रमण
- प्रैक्टिकल नॉलेज और इंडस्ट्री स्किल्स पर रहेगा फोकस
धनबाद (Threesocieties.com Desk): बीआईटी सिंदरी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में सोमवार को समर इंटर्नशिप कार्यक्रम 2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से पहुंचे छात्रों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत ओरिएंटेशन सत्र से हुई, जिसमें विद्यार्थियों को विभाग की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण की रूपरेखा और इंटर्नशिप के उद्देश्य की जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें:BCCL मुख्यालय में GM समन्वय बैठक, CMD मनोज अग्रवाल बोले- उत्पादन बढ़े, सुरक्षा पर नहीं होगा कोई समझौता

विभागाध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल कुमार शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रह सकती। छात्रों को इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक अनुभव और तकनीकी दक्षता भी हासिल करनी होगी। उन्होंने कहा कि यह समर इंटर्नशिप कार्यक्रम छात्रों को वास्तविक परियोजनाओं और प्रयोगात्मक अध्ययन से जोड़ने का अवसर देगा।
कार्यक्रम के दौरान विभाग के प्रख्यात शिक्षकों—डॉ. माया राजनारायण राय, डॉ. निशिकांत किस्कू, डॉ. कोमल कुमारी, डॉ. अभिजीत आनंद, प्रो. सरोज मीणा एवं प्रो. प्रशांत रंजन मालवीय ने छात्रों को सिविल इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों और आधुनिक तकनीकों से परिचित कराया। इंटर्नशिप के तहत विद्यार्थियों को अपनी रुचि और करियर लक्ष्य के अनुसार विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों का चयन करने का अवसर मिलेगा। इनमें स्टैड प्रो, ऑटोकैड, जल संसाधन प्रबंधन और संरचनात्मक डिजाइन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों को विभाग की उन्नत मृदा यांत्रिकी प्रयोगशाला, परिवहन प्रयोगशाला, ऑटोकैड लैब और राजमार्ग अभियंत्रण प्रयोगशाला का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान छात्रों ने उपकरणों, तकनीकी प्रक्रियाओं और प्रायोगिक अध्ययन को करीब से समझा।शिक्षकों ने कहा कि यह इंटर्नशिप कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा। इससे छात्रों को भविष्य में उद्योगों, शोध कार्यों और पेशेवर करियर में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
बीआईटी सिंदरी का यह प्रयास न केवल तकनीकी शिक्षा को अधिक व्यावहारिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि यह छात्रों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में भी एक अहम पहल साबित हो सकता है।






