हिमाचल: कुल्लू में बस 500 फीट गहरी खाई में गिरी, 36 की मौत; 33 घायल
बस काफी पुरानी थी. बस जब भेउट मोड़ की चढ़ाई पर पहुंची तो ड्राइवर को को गियर बदलने में दिक्कत हुई. बस एकाएक पीछे की ओर चलने लगी और सीधे ढांक से जीभी खड्ड में गिर गयी. हादसा इतना भयानक था कि 500 फुट तक ढांक पर जगह-जगह शव बिखरे पड़े थे. मरने वालों में अधिकांश महिला व युवक शामिल हैं. बस के गिरने की आवाज सुनकर पास के भुमार गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच शवों और घायलों को खड्ड से निकालने के लिए मानव श्रृंखला बनाकर उनको अपनी पीठ आदि पर लादकर सड़क पर पहुंचाया.
प्रशासन ने सूचना पाकर कुल्लू और मंडी की एंबुलेंस को मौक पर रवाना किया. घायलों को निकालने में काफी दिक्कत आयी. खड्ड पार कर सड़क तक पहुंचाया गया. सीधे ढांक से निकालना मुश्किल था. घायलों को निकालने के बाद बंजार अस्पताल पहुंचाया गया. बस चालक ने छलांग लगा अपनी जान बचाय. चालक मौके से फरार हो गया.लोगों ने पीछा कर थोड़ी दूरी पर चालक को पकड़ उसकी जमकर पिटाई की व पुलिस के हवाले कर दिया.






