बिहार: सारण में दुल्हन बारात लेकर दूल्‍हे के घर पहुंची, सामाजिक पहल पर मंदिर में हुई शादी

सारण: दुल्हन बारात लेकर दुल्हे के घर पहुंची और शादी करने की जिद करने लगी. दुल्हा पक्ष न-नुकुर करने लगा. दुल्हन अड़ी रही. अंतत: सामाजिक पहल के बाद गांव के मंदिर में शादी करायी गयी. दुल्हा अपने दुल्हन को विदा करा घर ले गया. क्या है मामला सारण के मांझी पुलिस स्टेशन के फतेहपुर गांव निवासी मदन प्रसाद के पुत्र की बरात रिविलगंज पुलिस स्टेशन एरिया भादपा गांव में बृजनंदन प्रसाद की बेटी से शादी होनी थी. फेतहपुर से बारात के भादपा गांव लड़ीक के घर गयी थी. दरवाजा लग रही थी. द्वार पूजा के दौरान डांस में फरमाइशी गीत बजाने के लिए बारातियों व ग्रामीणों में मारपीट शुरू हो गयी. गांव वालों ने दुल्हे के भाई की भी पिटाई कर दी. मारपीट से गुस्साये लड़का पक्ष दुल्हे समेत बराती लेकर लौट गये. दरवाजा से बराती लौटने से दुल्‍हन पक्ष परेशान हो गया. दोनों पक्षों के रिश्तेदारों के मान-मनौव्‍वल व समाजिक पहल के बावजूद दूल्‍हा बारात लेकर आने को तैयार नहीं हुआ. दुल्हन पार्वती को जब इस बात की जानकारी हुई तो वह खुद ही घरवालों के साथ बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंच गई. दूल्‍हन के बारात लेकर दूल्‍हा के घर पहुंच जाने की खबर आसपास के गांवों तक पहुंची, दुल्हन घरवालों के साथ दुल्हे के घर पर धरना पर बैठ गयी. आसपास के गांव के लोगों की वहां भारी भीड़ इकट्ठी हो गयी. दूल्‍हा के घर के सामने चल रहे हाइ-वोल्‍टेज ड्रामा का अंत कराने के लिए सामाजिक पहल हुई. सामाजिक पहल के बाद दुल्हा पक्ष शादी को राजी हो गया. गांव के श्रीराम जानकी मंदिर में दोनों की शादी करायी गयी.