जेल IG सुदर्शन मंडल ने धनबाद मंडल कारा का किया औचक निरीक्षण,सुरक्षा-भोजन व्यवस्था सुधारने के सख्त आदेश
झारखंड जेल IG सुदर्शन मंडल के औचक निरीक्षण से धनबाद मंडल कारा में हड़कंप मच गया। सुरक्षा, भोजन और साफ-सफाई व्यवस्था में खामियां मिलने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।
- सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सख्त निर्देश
धनबाद (Threesocieties.com Desk) : झारखंड में जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने शुक्रवार को धनबाद मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से जेल अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आनन-फानन में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कोशिश शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें:SAIL में बड़ा फैसला: 22 हजार ठेका श्रमिकों की छंटनी की तैयारी, बोकारो में 5,000 पर असर; VRS भी लागू
सुरक्षा व्यवस्था में मिली खामियां, अधिकारियों को फटकार
निरीक्षण के दौरान आईजी ने जेल परिसर के चप्पे-चप्पे का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। कई जगहों पर सुरक्षा में खामियां पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जेल सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी अधिकारियों को जेल मैनुअल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
भोजन की गुणवत्ता पर भी सख्ती
आईजी ने बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बंदियों को तय मेन्यू के अनुसार समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही को उन्होंने अक्षम्य बताया।
साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। आईजी ने कहा कि जेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है और बंदियों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
आईजी सुदर्शन मंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जेल परिसर में शिकायत की कोई गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए।
जेल प्रशासन को मिला सख्त संदेश
इस औचक निरीक्षण के बाद धनबाद जेल प्रशासन को साफ संदेश मिल गया है कि अब अनुशासन और जिम्मेदारी के निर्वहन में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में जेल व्यवस्थाओं में सुधार देखने को मिल सकता है।






