धनबाद के DC आदित्य रंजन का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ सर्वे में मिली बड़ी पहचान

फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ सर्वे में धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट जिलाधिकारी के रूप में पहचान मिली है। प्रशासनिक दक्षता, जनहित कार्यों और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ।

धनबाद के DC आदित्य रंजन का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ सर्वे में मिली बड़ी पहचान
डीसी DC आदित्य रंजन (फाइल फोटो)।

Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद जिले के लिए गर्व की बात है कि जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा जारी ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ सर्वे में उन्हें देश के उत्कृष्ट जिलाधिकारियों की सूची में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि प्रशासनिक दक्षता, जनहितकारी पहल, पारदर्शी कार्यशैली और प्रभावी नेतृत्व के आधार पर मिली है।

यह भी पढ़ें:बिहार में एक्शन मोड में सीएम सम्राट चौधरी! पुलिस को खुली छूट, फायर ब्रिगेड में शामिल हुईं 80 हाईटेक गाड़ियां

देशभर में आयोजित इस प्रतिष्ठित सर्वे में विभिन्न राज्यों के लगभग 800 जिलाधिकारियों एवं उपायुक्तों का मूल्यांकन किया गया। इसमें अधिकारियों की प्रशासनिक क्षमता, विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, संकट प्रबंधन, नवाचार, जनसरोकार, पारदर्शिता और जनता से संवाद जैसे महत्वपूर्ण मानकों को आधार बनाया गया। विशेषज्ञों की राय, मीडिया रिपोर्ट, जनप्रतिसाद और प्रशासनिक उपलब्धियों के आधार पर यह सूची तैयार की गई।

धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने अपने कार्यकाल के दौरान कई जनहितकारी कदम उठाए हैं। जिले में सड़क सुरक्षा अभियान को मजबूत करने, पेयजल व्यवस्था सुधारने, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार पहल की गई। इसके साथ ही आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक समन्वय को लेकर भी उनकी कार्यशैली की सराहना होती रही है।

प्रशासनिक स्तर पर बेहतर मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय करने के कारण कई विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है। आम नागरिकों के साथ संवाद स्थापित करने और जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन की दिशा में भी जिला प्रशासन सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। यही वजह है कि धनबाद प्रशासन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।

बताया जाता है कि फेम इंडिया एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मीडिया एवं सर्वे संस्था है, जो विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और प्रशासनिक अधिकारियों का मूल्यांकन कर विशेष सर्वे और रैंकिंग जारी करती है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट का यह सर्वे देशभर में बेहतर प्रशासनिक कार्य करने वाले जिलाधिकारियों और उपायुक्तों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाता है।

धनबाद के लोगों के लिए यह सम्मान सिर्फ एक प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जिले की सकारात्मक पहचान और बेहतर प्रशासनिक कार्यशैली का प्रतीक माना जा रहा है।