धनबाद: ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरे मेयर संजीव सिंह, कनकनी आउटसोर्सिंग के ओबी डंप पर भड़के

धनबाद के कनकनी क्षेत्र में O.B. डंपिंग और एकरा जोरिया पर प्रस्तावित निर्माण के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया। मौके पर पहुंचे मेयर संजीव सिंह ने BCCL अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जनता की सहमति के बिना कोई परियोजना लागू नहीं होने दी जाएगी।

धनबाद: ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरे मेयर संजीव सिंह, कनकनी आउटसोर्सिंग के ओबी डंप पर भड़के
मेयर संजीव सिंह ने BCCL अधिकारियों को लगाई फटकार।

     HighLights

  • कनकनी आउटसोर्सिंग में O.B. डंपिंग के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन तेज
  • मौके पर पहुंचे मेयर संजीव सिंह, BCCL अधिकारियों को लगाई फटकार
  •  एकरा जोरिया पर प्रस्तावित पुल निर्माण और O.B. डंपिंग का किया विरोध
  • ग्रामीण बोले- डंपिंग से कृषि भूमि, पर्यावरण और जलस्रोत पर खतरा
  • मेयर की चेतावनी- जनहित के खिलाफ हुआ काम तो होगा बड़ा आंदोलन

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के कनकनी क्षेत्र में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा किए जा रहे O.B. डंपिंग और एकरा जोरिया क्षेत्र में प्रस्तावित निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। एकड़ा गोपालीचक सहित आसपास के गांवों के लोग शनिवार को एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। आंदोलन की सूचना मिलते ही धनबाद मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर विरोध में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें: धनबाद की बेटी ने बढ़ाया मान: डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी को मिला ISAR Youth Icon Award 2026

निरीक्षण के दौरान मेयर संजीव सिंह ने संबंधित BCCL अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और साफ शब्दों में कहा कि जनता की भावनाओं और क्षेत्र के पर्यावरण से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।मेयर ने कहा कि एकरा जोरिया केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों की जीवनरेखा है। यह क्षेत्र के जलस्रोत, कृषि व्यवस्था और पर्यावरण संतुलन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किस आधार पर यहां पुल निर्माण और O.B. डंपिंग की योजना बनाई जा रही है।

उन्होंने कहा, “ग्रामीणों की सहमति, पर्यावरणीय प्रभावों के अध्ययन और जनहित को नजरअंदाज कर कोई भी योजना लागू करना उचित नहीं है। यदि जनता की आवाज को दबाकर काम किया गया तो बड़ा जनआंदोलन होगा।” ग्रामीणों ने मेयर को बताया कि लगातार हो रही O.B. डंपिंग से क्षेत्र की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है, जलस्रोतों पर दबाव बढ़ रहा है और पर्यावरणीय नुकसान का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि प्रस्तावित परियोजनाएं इसी तरह आगे बढ़ीं तो कई गांवों के सामने भविष्य में गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

ग्रामीणों की बात सुनने के बाद मेयर संजीव सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों और चिंताओं को संबंधित अधिकारियों तथा उच्च स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित के खिलाफ कोई भी निर्णय हुआ तो उसका विरोध पूरी मजबूती के साथ किया जाएगा।मौके पर एकड़ा गोपालीचक समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने एक स्वर में कहा कि जल, जमीन और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर उनकी आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता।

कनकनी क्षेत्र में बढ़ते विरोध और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के बाद अब सभी की नजर BCCL और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।