धनबाद: कोयलांचल की ‘सिंह गर्जना’ अब OTT पर! सूर्यदेव बाबू की जिंदगी बनेगी मेगा वेब-सीरीज

धनबाद के कद्दावर मजदूर नेता स्व. सूर्यदेव सिंह की जिंदगी पर मेगा वेब-सीरीज बनने जा रही है। सिद्धांत चतुर्वेदी लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि नाना पाटेकर भी अहम भूमिका निभाएंगे। 1970 के दशक के कोयलांचल, मजदूर राजनीति और कोल माफिया की कहानी अब OTT पर दिखेगी।

धनबाद: कोयलांचल की ‘सिंह गर्जना’ अब OTT पर! सूर्यदेव बाबू की जिंदगी बनेगी मेगा वेब-सीरीज
200 देशों में रिलीज होगी सूर्यदेव सिंह पर वेब-सीरीज।
  • कोयला, सत्ता और संघर्ष की कहानी में दिखेंगे सिद्धांत चतुर्वेदी
  • सूर्यदेव सिंह के रोल में दिखेंगे सिद्धांत चतुर्वेदी
  • धनबाद की राजनीति, माफिया और मजदूर आंदोलन की असली कहानी अब OTT पर
  • सूर्यदेव सिंह की जिंदगी पर बनेगी हाई-वोल्टेज वेब-सीरीज
  • नाना पाटेकर भी निभाएंगे अहम किरदार

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के कोयलांचल की राजनीति, कोयला कारोबार, मजदूर आंदोलन और दबदबे की कहानी अब डिजिटल स्क्रीन पर उतरने जा रही है। झरिया के पूर्व विधायक और कोयला मजदूरों के कद्दावर नेता स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के जीवन पर आधारित एक भव्य वेब-सीरीज बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। यह सीरीज देश के बड़े OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी और इसे दुनिया के करीब 200 देशों में दिखाने की योजना है।

यह भी पढ़ें: बेलगड़िया वासियों को बड़ी राहत! जल्द शुरू होगा फ्लैटों का लीज ट्रांसफर, फेज-1 और 2 से होगी शुरुआत

इस वेब-सीरीज को लेकर कोयलांचल से लेकर बॉलीवुड तक जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि इस हाई-प्रोफाइल प्रोजेक्ट में बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह की भूमिका निभाएंगे। वहीं अपने दमदार अभिनय के लिए मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर भी इसमें अहम किरदार में नजर आएंगे।

70 के दशक का धनबाद फिर होगा जिंदा

वेब-सीरीज में 1970 और 80 के दशक के धनबाद और झरिया के उस दौर को दिखाया जाएगा, जब कोयलांचल में मजदूर राजनीति, यूनियन वर्चस्व, कोयला कारोबार और बाहुबल का बड़ा असर हुआ करता था। उस दौर में सूर्यदेव सिंह का नाम कोयला मजदूरों के सबसे प्रभावशाली नेताओं में लिया जाता था।

सीरीज में कोलियरियों की जिंदगी, मजदूरों की लड़ाई, सत्ता के गलियारों की सियासत और कोयलांचल की अंदरूनी दुनिया को बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी है। निर्माता टीम इसे सिर्फ एक राजनीतिक कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, सत्ता और सामाजिक बदलाव की कहानी के रूप में दिखाना चाहती है।

संजय दत्त की कंपनी कर रही निर्माण

जानकारी के मुताबिक इस मेगा प्रोजेक्ट का निर्माण अभिनेता संजय दत्त की कंपनी द्वारा किया जा रहा है। कहानी के अधिकार सिंह मेंशन परिवार की सहमति के बाद लिए गए हैं। वेब-सीरीज की कहानी लेखक मोहित झा ने तैयार की है, जो कई चर्चित फिल्म और टीवी प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं। टीम का दावा है कि कहानी को वास्तविक घटनाओं और स्थानीय संदर्भों के साथ तैयार किया जा रहा है ताकि दर्शकों को कोयलांचल की असली तस्वीर देखने को मिले।

धनबाद-झरिया में शुरू हुआ ऑडिशन

वेब-सीरीज की शूटिंग से पहले धनबाद, झरिया और कतरास में कलाकारों के ऑडिशन शुरू कर दिए गए हैं। मुंबई से आए कास्टिंग डायरेक्टर तरन बजाज स्थानीय कलाकारों और बच्चों का चयन कर रहे हैं। निर्माता टीम चाहती है कि सीरीज में कोयलांचल की असली बोली, भाषा और संस्कृति की झलक दिखाई दे। यही वजह है कि स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे धनबाद और आसपास के युवाओं में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है।

बलिया कनेक्शन बना खास वजह

दिलचस्प बात यह है कि अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी और स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह दोनों का संबंध उत्तर प्रदेश के बलिया से रहा है। इसी वजह से निर्माता टीम को लगा कि सिद्धांत इस किरदार की भाषा, अंदाज और व्यक्तित्व को बेहतर तरीके से स्क्रीन पर उतार पाएंगे। सूत्रों के मुताबिक सिद्धांत चतुर्वेदी इस किरदार के लिए खास तैयारी भी कर रहे हैं। वे धनबाद और झरिया की सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि को समझने के लिए रिसर्च कर रहे हैं, ताकि किरदार में वास्तविकता नजर आ सके।

कोयलांचल की कहानी पर देश-दुनिया की नजर

धनबाद और झरिया की पहचान सिर्फ कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं रही है। यहां की राजनीति, मजदूर आंदोलन और बाहुबल की कहानियां हमेशा चर्चा में रही हैं। अब जब यह कहानी OTT प्लेटफॉर्म के जरिए दुनिया तक पहुंचेगी, तो कोयलांचल की संस्कृति, इतिहास और राजनीति को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।इस वेब-सीरीज को लेकर कोयलांचल के लोगों में खासा उत्साह है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह प्रोजेक्ट धनबाद और झरिया की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चर्चा देगा।