धनबाद, सिंदरी, निरसा, बाघमारा व ट्रैफिक डीएसपी ने पदभार संभाला, जनता से सहयोग की अपील
धनबाद, सिंदरी, निरसा, बाघमारा व ट्रैफिक डीएसपी ने पदभार संभाला, जनता से सहयोग की अपील सिंदरी अनुमंडल कार्यालय में नए SDPO प्रकाश चंद्र महतो ने पदभार ग्रहण किया। सभी ने अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून व्यवस्था और जनता की समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया। लोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील की।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकास सोय, ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव, बाघमारा एसीडीपीओ अजीत कुमार विमल, सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो व निरसा एसीडीपीओ लीलेश्वर महतो ने पदभार संभाल लिया है। डीएसपी हेडक्वर्टर वन व टू ने भी पदभार संभाल कामकाज शुरु कर दिया है।
यह भी पढ़ें: धनबाद सदर अस्पताल बना हाईटेक! अब 15 मिनट में होंगी 45 जांचें, मोबाइल पर मिलेगी रिपोर्ट
सिंदरी अनुमंडल को नया पुलिस नेतृत्व मिल गया है। गुरुवार को सिंदरी अनुमंडल कार्यालय में नए एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि सिंदरी में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।नवनियुक्त एसडीपीओ पीसी महतो के स्वागत के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह देखा गया। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखना होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा और विश्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

एसडीपीओ महतो ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि, विवाद या समस्या की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका समाधान करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहेगा। सिंदरी अनुमंडल क्षेत्र में बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए पुलिस टीम को और अधिक सक्रिय एवं संवेदनशील बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
कोयलांचल धनबाद की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से गुरुवार को रोहित कुमार साव ने नए यातायात डीएसपी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के दौरान कार्यालय में उनका स्वागत पूर्व यातायात डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों के बीच शहर की मौजूदा ट्रैफिक व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और दुर्घटना नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
ट्रैफिक DSP बोले – सड़क हादसों पर लगेगी लगाम

नए यातायात डीएसपी रोहित कुमार साव पहली बार धनबाद में इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर पदस्थापित किए गए हैं। इससे पहले वे जमशेदपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद राज्य सरकार ने उन्हें धनबाद जैसे व्यस्त और संवेदनशील शहर की ट्रैफिक व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी सौंपी है। पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में रोहित कुमार साव ने स्पष्ट कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए कई स्तरों पर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि धनबाद में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी की जाएगी। ऐसे स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने, संकेतकों को बेहतर बनाने और वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।नए डीएसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आम लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को काफी हद तक कम कर सकता है।उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ सके।






