PM मोदी को झालमुड़ी खिलाना पड़ा भारी! दुकानदार को पाकिस्तान-बांग्लादेश से मिल रहीं जान से मारने की धमकियां

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार विक्रम साहू को पाकिस्तान और बांग्लादेश से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर सुरक्षा बढ़ा दी है।

PM मोदी को झालमुड़ी खिलाना पड़ा भारी! दुकानदार को पाकिस्तान-बांग्लादेश से मिल रहीं जान से मारने की धमकियां
PM मोदी से मुलाकात बनी मुसीबत!

कोलकाता (Threesocieties.com Desk): पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाकर चर्चा में आए दुकानदार विक्रम साहू अब दहशत के साये में जी रहे हैं। साहू का दावा है कि उन्हें पिछले कई दिनों से पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगातार धमकी भरे फोन और वीडियो कॉल आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: “अब बिहार की भी IPL टीम होनी चाहिए…” अनिल अग्रवाल के बयान से क्रिकेट और सियासत में हलचल

विक्रम साहू ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आने वाले कॉल में उन्हें जान से मारने, बम से उड़ाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। इतना ही नहीं, वीडियो कॉल पर कुछ लोग हथियार दिखाकर डराने की कोशिश कर रहे हैं।

“तुम जिंदा हो या मर गए?” — धमकी देने वालों की भाषा से डरा परिवार

साहू ने कहा कि कॉल करने वाले पहले धार्मिक अभिवादन करते हैं और फिर गालियां देते हुए पूछते हैं — “तुम जिंदा हो या मर गए?”। कई बार उन्होंने फोन नहीं उठाया, लेकिन लगातार घंटियां बजती रहीं। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं, जिनमें लिखा गया है कि उन्हें बम धमाके में उड़ा दिया जाएगा। इन धमकियों से पूरा परिवार भयभीत है और घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहा है।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, जांच शुरू

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। विक्रम साहू को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है और उनकी सुरक्षा में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरे कॉल वास्तव में विदेश से किए जा रहे हैं या इंटरनेट कॉलिंग के जरिए किसी अन्य स्थान से। साइबर सेल भी मामले की जांच में जुट गई है।

PM मोदी की एक मुलाकात से रातोंरात चर्चा में आए थे विक्रम साहू

गौरतलब है कि हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड सीमा से सटे झाड़ग्राम जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। सभा खत्म होने के बाद उन्होंने सड़क किनारे स्थित विक्रम साहू की दुकान पर रुककर 10 रुपये की झालमुड़ी खरीदी और खाई थी। उस दौरान पीएम मोदी और विक्रम साहू के बीच हुई बातचीत सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा में रही थी। रातोंरात विक्रम साहू चर्चा का चेहरा बन गए थे, लेकिन अब वही पहचान उनके लिए परेशानी का कारण बनती दिख रही है।

सरकार से लगाई सुरक्षा की गुहार

विक्रम साहू ने कहा कि उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। उन्होंने सरकार से पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। साहू का कहना है कि धमकी देने वालों ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी का नाम नहीं लिया, लेकिन यह सिलसिला उसी समय शुरू हुआ जब पीएम उनकी दुकान पर पहुंचे थे। इससे परिवार और ज्यादा डरा हुआ है।