सरायढेला में बम फेंक दहशत फैलाने की कोशिश, होंडा सर्विस सेंटर और व्यवसायी के घर के बाहर मिल विस्फोटक
धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में प्रेमसंस होंडा सर्विस सेंटर और व्यवसायी सुरेन्द्र अग्रवाल के आवास के बाहर संदिग्ध बम मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने बम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। विधायक राज सिन्हा ने घटना पर चिंता जताते हुए अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब प्रेमसंस होंडा सर्विस सेंटर के मुख्य गेट के पास बम जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: धनबाद में केंद्रीय मंत्री की दो टूक, कोयला चोरी रोकें, खदान सुरक्षा बढ़ाएं और विस्थापितों को दें सम्मानजनक जीवन

बताया जा रहा है कि संदिग्ध वस्तु व्यवसायी सुरेन्द्र अग्रवाल के आवास और प्रेमसंस होंडा सर्विस सेंटर के समीप मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात कुछ अज्ञात अपराधियों ने वहां बम फेंक कर दहशत फैलाने की कोशिश की। राहत की बात यह रही कि बम फटा नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना

के एसआई अनूप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संदिग्ध विस्फोटक को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। घटनास्थल से बारूद जैसे पाउडर के अंश भी बरामद होने की बात कही जा रही है। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत है या फिर किसी बड़ी आपराधिक साजिश का हिस्सा। घटना के बाद इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में सरायढेला और धनबाद शहर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद विधायक राज सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 में भी व्यवसायी सुरेन्द्र अग्रवाल के घर डकैती की बड़ी घटना हो चुकी है। अब एक बार फिर उनके आवास के बाहर संदिग्ध बम मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






