धनबाद में नशा के खिलाफ जंग की शुरुआत: [टॉर्च रैली के साथ बड़ा अभियान, 28 मार्च को मेगा कार्यक्रम
धनबाद में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत, प्रशासन ने टॉर्च रैली निकाली। 28 मार्च को मेगा कार्यक्रम, युवाओं से भागीदारी की अपील।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में नशे के खिलाफ एक बड़े जनआंदोलन की शुरुआत हो चुकी है। जिला प्रशासन ने आज नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करते हुए टॉर्च रैली को रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य जिले के हर गांव, पंचायत और शहरी क्षेत्र तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना है।
यह भी पढ़ें: झरिया में सेवा की मिसाल: मारवाड़ी युवा मंच का फ्री नेत्र जांच शिविर, 63 लोगों को मिला आंखों का उपचार
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और टॉर्च रैली को हरी झंडी दिखाई।
गांव-गांव पहुंचेगा नशा मुक्ति का संदेश
यह टॉर्च रैली जिले के विभिन्न प्रखंडों का दौरा करेगी और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह अभियान सिर्फ शहरों तक सीमित न रहकर ग्रामीण क्षेत्रों और पंचायत स्तर तक गहराई से पहुंचे।
“जागरूकता के साथ कानून की भी जानकारी जरूरी”
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। लोगों को न सिर्फ जागरूक किया जाएगा, बल्कि उन्हें नशे से जुड़े कानूनी पहलुओं और सामाजिक दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी जाएगी, ताकि समाज में स्थायी बदलाव लाया जा सके।
युवाओं से खास अपील – 28 मार्च को बनाएं ऐतिहासिक दिन
प्रशासन ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि वे 28 मार्च को लुबी सर्कुलर रोड पर आयोजित वृहद नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इस अभियान को सफल बनाएं।
सामूहिक शपथ के साथ लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों, स्कूली छात्राओं, सेविकाओं और अन्य प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
इस मौके पर अपर समाहर्ता विनोद कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, डीपीएम प्रतिमा कुमारी सहित कई अधिकारी, सीडीपीओ, सेविका और छात्राएं उपस्थित थीं।






