धनबाद नगर निगम में ‘नई सरकार’ की एंट्री! मेयर संजीव सिंह और डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने संभाला पद
धनबाद नगर निगम में मेयर संजीव सिंह और डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने कार्यभार संभालते ही विकास, प्रदूषण, जल संकट और 8 लेन सड़क की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता बताया।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): सोमवार को लुबी सर्कुलर रोड स्थित धनबाद नगर निगम कार्यालय में शहर को नई दिशा देने की शुरुआत हो गई। नव निर्वाचित मेयर संजीव सिंह और डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने अपने-अपने पद का कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करते ही दोनों जनप्रतिनिधियों ने साफ कर दिया कि उनका फोकस शहर के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान पर रहेगा।
यह भी पढ़ें: सरायकेला में ACB का बड़ा धमाका: 40 लाख घूस डील में भू-अर्जन बाबू और दलाल रंगे हाथ गिरफ्तार

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता धनबाद में बढ़ते प्रदूषण और जल संकट की समस्या को खत्म करना है। उन्होंने कहा कि शहर का समग्र विकास तभी संभव है जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आम जनता मिलकर काम करें। इसी उद्देश्य से योजनाओं के निर्माण में लोगों की राय भी ली जाएगी, ताकि योजनाएं जमीनी स्तर पर कारगर साबित हों।

उन्होंने शहर की चर्चित 8 लेन सड़क में बार-बार हो रही गड़बड़ियों और गड्ढों पर भी चिंता जताई। मेयर ने भरोसा दिलाया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

वहीं डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने अपनी नई जिम्मेदारी को गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि वे सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम और जनता के सहयोग से धनबाद को एक बेहतर और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।






