BJP का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: झारखंड में गजेंद्र पटेल, बिहार में हरीश द्विवेदी को कमान
BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है। झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों के प्रभारी व सह-प्रभारियों की नई जिम्मेदारियां, देखें पूरी जानकारी और सूची।
HighLights:
- भाजपा ने 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी-सह प्रभारी नियुक्त किए
- झारखंड का प्रभारी गजेंद्र पटेल को बनाया गया
- सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह झारखंड के सह-प्रभारी होंगे
- हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक का प्रभारी बनाया गया
- सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना का प्रभार मिला
नई दिल्ली (Threesocieties.com Desk): भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी सूची के मुताबिक, ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin ने विभिन्न राज्यों के निम्नलिखित प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की नियुक्तियां की है।
— BJP (@BJP4India) September 23, 2026
ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। pic.twitter.com/S3as4bSf3q
इस बदलाव में झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों के संगठनात्मक प्रभार में बदलाव किया गया है। झारखंड में गजेंद्र पटेल को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
झारखंड में गजेंद्र पटेल को मिली कमान
भाजपा ने झारखंड संगठन की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश के आदिवासी नेता गजेंद्र पटेल को सौंपी है। उनके साथ सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी के तौर पर काम करेंगे। नई टीम के सामने राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और पार्टी के प्रदेश संगठन के साथ बेहतर समन्वय की जिम्मेदारी होगी। गजेंद्र पटेल इससे पहले भाजपा की राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। भाजपा की नई संगठनात्मक टीम में उनका नाम राष्ट्रीय महासचिवों में भी शामिल था।
मध्य प्रदेश के प्रमुख आदिवासी नेता माने जाते हैं गजेंद्र सिंह पटेल
गजेंद्र सिंह पटेल मध्य प्रदेश की खरगोन लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार (2019 और 2024) सांसद चुने गए हैं, जो अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीट है। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी और मध्य प्रदेश के खरगोन से सांसद गजेंद्र सिंह पटेल आदिवासी समुदाय (अनुसूचित जनजाति - ST) से आते हैं। वह विशेष रूप से मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के एक प्रमुख आदिवासी नेता माने जाते हैं। गजेंद्र सिंह पटेल मध्य प्रदेश की खरगोन लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार (2019 और 2024) सांसद चुने गए हैं, जो अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीट है। वे मध्य प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और बाद में राष्ट्रीय स्तर पर अजजा (ST) मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रह चुके हैं। उनके पिता स्वर्गीय उमराव सिंह पटेल भी क्षेत्र के बड़े आदिवासी नेता रहे हैं, जो बड़वानी से विधायक और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
UP में विनोद तावड़े को जिम्मेदारी
देश के सबसे बड़े राजनीतिक राज्यों में शामिल उत्तर प्रदेश के लिए भाजपा ने विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी का संगठनात्मक फोकस पहले से ही तेज है। तावड़े सितंबर में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर संगठन पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठकें कर चुके हैं।
बिहार की जिम्मेदारी हरीश द्विवेदी को
बिहार में हरीश द्विवेदी को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता सह-प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। हरीश द्विवेदी को बिहार के साथ कर्नाटक का भी प्रभारी बनाया गया है।
स्मृति ईरानी को दो राज्यों की कमान
भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभू और हरियाणा में डॉ. भोला सिंह सह-प्रभारी होंगे। वहीं राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है। उत्तराखंड में अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी हैं।
सुनील बंसल को बंगाल-तेलंगाना
भाजपा ने सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना का प्रभारी बनाया है। पश्चिम बंगाल में उनके साथ लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा सह-प्रभारी हैं, जबकि तेलंगाना में अभय पाटिल और रेखा शर्मा सह-प्रभारी की भूमिका में होंगे।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली में भी बदलाव
राजस्थान में संजय भाटिया को प्रभारी बनाया गया है। कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे। मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी बिप्लब कुमार देब को दी गई है और रेखा वर्मा सह-प्रभारी होंगी। दिल्ली में डॉ. विनय सहस्रबुद्धे को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शना जरदोश सह-प्रभारी होंगे।
महाराष्ट्र, पंजाब और गुजरात का जिम्मा
महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रभारी बनाया गया है। अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे और कमलजीत सहरावत सह-प्रभारी होंगे।पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पूनिया को दी गई है, जबकि वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर सह-प्रभारी होंगे। गुजरात में तरुण चुघ प्रभारी बनाए गए हैं और अजय महावर तथा गोमती साई सह-प्रभारी होंगे।
प्रमुख नियुक्तियां एक नजर में
राज्य प्रभारी सह-प्रभारी
झारखंड गजेंद्र पटेल सौरभ सिंह, निवेदिता सिंह
उत्तर प्रदेश विनोद तावड़े जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा
बिहार हरीश द्विवेदी संगीता यादव, रोहन गुप्ता
छत्तीसगढ़ स्मृति ईरानी सिद्धार्थ शंभू
हरियाणा स्मृति ईरानी डॉ. भोला सिंह
उत्तराखंड राम माधव अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज
राजस्थान संजय भाटिया कविता पाटीदार, कुलजीत चहल
मध्य प्रदेश बिप्लब कुमार देब रेखा वर्मा
पंजाब सतीश पूनिया वीरेंद्र सचदेवा, डॉ. अलका गुर्जर
गुजरात तरुण चुघ अजय महावर, गोमती साई
महाराष्ट्र बैजयंत जय पांडा अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे, कमलजीत सहरावत
पश्चिम बंगाल सुनील बंसल लाल सिंह आर्य, राजेंद्र सिंह, पिंकी कुशवाहा
तेलंगाना सुनील बंसल अभय पाटिल, रेखा शर्मा




