करमा पूजा पर पलामू में बड़ा हादसा: कोयल नदी में 5 युवक डूबे, 4 की मौत; एक लापता

पलामू में करमा पूजा के दौरान दो अलग-अलग नदी हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। चैनपुर में कोयल नदी में पांच युवक डूबे, चार की मौत और एक लापता है। पाटन में 17 वर्षीय किशोरी की जिंजोई नदी में डूबने से मौत हुई।

करमा पूजा पर पलामू में बड़ा हादसा: कोयल नदी में 5 युवक डूबे, 4 की मौत; एक लापता
पलामू में कोयल नदी में डूबे 5 युवक, 4 की मौत।

Advertisement

    HighLights:

  • पलामू में करमा पूजा के दौरान दो अलग-अलग नदी हादसे
  • चैनपुर के बोकेया गांव के पास कोयल नदी में पांच युवक डूबे
  • चार युवकों के शव बरामद, पांचवें की तलाश जारी
  • करम डाली विसर्जन के दौरान तेज बहाव बना हादसे की वजह

पलामू (Threesocieties.com Desk): करमा पर्व की खुशियां पलामू में बुधवार सुबह उस समय मातम में बदल गईं, जब करम डाली और पूजा सामग्री के विसर्जन के दौरान बड़ा नदी हादसा हो गया। चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द गांव से सटे बोकेया गांव के समीप कोयल नदी में पांच युवक डूब गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की तलाश जारी है।

घटना बुधवार सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण कोयल नदी के किनारे जुट गए और डूबे युवकों की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से चार युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पांचवें युवक की तलाश जारी है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

करम डाली विसर्जन के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पतरिया खुर्द गांव के युवक करमा पर्व के लिए करम डाली और पूजा सामग्री लेकर कोयल नदी में विसर्जन करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरे युवक भी नदी में उतर गए। बताया जा रहा है कि नदी में तेज बहाव था। देखते ही देखते सभी युवक पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। नदी के समीप मौजूद एक महिला ने युवकों को डूबते देखा। उसने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद चार युवकों के शव बरामद किए गए। वहीं, पांचवें युवक की तलाश ग्रामीणों और पुलिस की ओर से जारी रही।

सभी मृतकों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच

चैनपुर थाना प्रभारी लालजी के अनुसार, हादसे में चार युवकों की मौत हुई है, जबकि एक युवक लापता है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटा रही है। स्थानीय ग्रामीण ब्रह्मदेव चौधरी ने बताया कि सभी युवक करमा पूजा की सामग्री विसर्जित करने नदी में गए थे। बताया जा रहा है कि मृतक और लापता युवक सभी एक ही इलाके के रहने वाले हैं और उनकी उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच है। घटनास्थल के पास कोयल नदी में तेज धारा बह रही थी। आशंका है कि इसी तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

शव मिलने के बाद गांव में मचा कोहराम

चार युवकों के शव बरामद होने की सूचना जैसे ही उनके परिवारों और गांव तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। करमा पर्व को लेकर जहां गांव में उत्सव का माहौल था, वहीं हादसे के बाद पूरा इलाका शोक में डूब गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक युवक के अब भी लापता होने के कारण परिवार और ग्रामीण उसकी तलाश को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने बरामद शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

विधायक आलोक चौरसिया ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

हादसे की सूचना मिलने के बाद डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि करम पर्व की खुशियां देखते ही देखते गम में बदल गईं। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।उन्होंने कहा कि युवकों की मौत से परिवारों को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार को संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।

पाटन में भी करमा पर्व के दौरान नदी में डूबने से किशोरी की मौत

पलामू में करमा पर्व के दौरान डूबने की दूसरी घटना पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा बरवाडीह इलाके में हुई। यहां नानी झरिया निवासी दिलीप पासवान की 17 वर्षीय बेटी सिंपी कुमारी की जिंजोई नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि सिंपी कुमारी अपनी सहेलियों के साथ बुधवार सुबह करमा पर्व का झुर बहाने यानी विसर्जन करने के लिए गांव के समीप स्थित जिंजोई नदी गई थी। विसर्जन के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूब गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सिंपी कुमारी को मृत घोषित कर दिया।

एक ही दिन में दो हादसों से पसरा मातम

सिंपी की मौत की खबर मिलते ही हिसरा बरवाडीह क्षेत्र में करमा पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पाटन पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। एमएमसीएच में स्थापित पुलिस चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

करमा पर्व पर पलामू में नदी हादसों ने बढ़ाई चिंता

करमा पर्व के दौरान पूजा सामग्री और करम डाली के विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में लोग नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों तक पहुंचते हैं। पलामू में बुधवार को हुई इन घटनाओं ने नदी में विसर्जन के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।विशेषकर तेज बहाव वाले नदी क्षेत्रों में गहरे पानी में जाने से जोखिम बढ़ जाता है। चैनपुर के कोयल नदी हादसे में भी तेज धारा और गहरे पानी की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस और ग्रामीण चैनपुर में लापता युवक की तलाश में जुटे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।