धनबाद। झारखंड के गवर्नर सीपी राधाकृष्णन रविवार को धनबाद जिले के उग्रवाद प्रभावित टुंडी ब्लॉक के कमारडीह पंचायत में जनता संवाद कार्यक्रम में लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता को राजभवन आने की जरूरत नहीं। राजभवन ही जनता के बीच समय-समय पर जायेगा।
यह भी पढ़ें:Jharkhand: पूर्वी सिंहभूम के बरसोल में भीषण रोड एक्सीडेंट में दो की मौत, ग्रामीणों ने किया रोड जाम
और भी पढ़ें
- पटना में STF का बड़ा एनकाउंटर: पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के 3 आरोपी ढेर
- 1150 जिलेटिन, 1064 डेटोनेटर और 38 हथियार बरामद, बंगाल STF की बड़ी कार्रवाई
- धनबाद: शराब पार्टी के बाद मुन्ना पांडेय की हत्या, 20 हजार लूटने वाले दो गिरफ्तार
- हादसा देखने निकले लोगों के लिए काल बना 18 चक्का ट्रक, एक ही परिवार के 7 की मौत

गवर्नर ने कहा कि संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याओं को समझना और झारखंड को जानना है। उन्होंने कहा कि मेरे संवाद कार्यक्रम का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। विकास के जो काम चल रहे हैं, उसको तेज करना है। लोगों को प्रोत्साहित करना है। हर किसी से सहयोग की अपेक्षा है। गवर्नर ने बताया कि वे अब तक राज्य के 23 जिलों का दौरा कर चुके हैं। 27 जून को अंतिम जिला में जायेंगे। इसके बाद दूसरे चरण की यात्रा शुरू होगी।

कार्यक्रम के दौरान डीसी संदीप सिंह ने गवर्नर सीपी राधाकृष्णन को जिले की भौगोलिक परिस्थिति एवं जिले में चल रहे विकास कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि धनबाद जिला झारखंड के अन्य जिलों की तुलना में अलग है। उन्होंने जिले में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति बताया। इसमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं अन्य योजनाओं का लेखा जोखा प्रस्तुत किया।
टुंडी एमएलए मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि आज जनता संवाद के माध्यम से लोगों की कई समस्याएं सामने आई। जहां पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य की व्यवस्था को थोड़ा और सुधारने की जरूरत है। इसपर हम सभी मिल कर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने अपने अनुभव साझा किये जहां गवर्नर ने सभी को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उनका आभार व्यक्त किया। गवर्नर ने कहा कि इसी प्रकार आगे बढ़ते रहें एवं अपने गांव के लोगों को भी स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आर्थिक स्वावलंबी बनने हेतु प्रेरित करें।
कार्यक्रम में टुंडी एमएलए मथुरा प्रसाद महतो, डीसी संदीप सिंह, वरीय एसएसपी संजीव कुमार, डीडीसी शशि प्रकाश सिंह, एसपी रिष्मा रमेशन, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, कमारडीह पंचायत के मुखिया जयनारायण महतो जिले के अन्य वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहें।
संवाद कार्यक्रम से जनता को रखा गया दूर, ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ किया नारेबाजी

जनता संवाद कार्यक्रम का आयोजन पंचायत भवन के एक छोटे से सभागार में किया गया। इसमें मुश्किल से 60 से 70 लोग शामिल हो सकते थे।गवर्नर से संवाद करने लगभग एक हजार से अधिक ग्रामीण पहुंचे थे। पहली बार गवर्नर का टुंडी जैसे पिछड़े इलाके में आगमन हुआ था। इसे लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह था। जिला प्रशासन ने अफसरों एवं कर्मचारियों तथा कुछ खास चयनित लोगों को ही इस संवाद में शामिल होने दिया। वहीं, आवेदन लेकर पहुंचे ग्रामीण इससे भड़क गये। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुरनाडीह पंचायत के मुखिया बसंत नारायण तिवारी ने भी पंचायत भवन में जनता संवाद करने के औचित्य पर सवाल उठाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ी मुश्किल से आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों को जाने से रोकने पर वहां हल्ला हंगामा, नारेबाजी भी हुई। ग्रामीणों का कहना था कि कैसा जन संवाद जिससे जनता को ही दूर रखा गया।