बिहार विधानसभा में अनंत सिंह का दमदार एंट्री: नीतीश के पैर छुए, बाहर आते ही तेजस्वी पर कस दिया सियासी तंज

बिहार विधानसभा में बेउर जेल से पहुंचे जदयू विधायक अनंत सिंह ने शपथ ली, नीतीश कुमार के पैर छुए और बाहर आते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा सियासी तंज कस दिया।

बिहार विधानसभा में अनंत सिंह का दमदार एंट्री: नीतीश के पैर छुए, बाहर आते ही तेजस्वी पर कस दिया सियासी तंज
बेउर जेल से शपथ लेने पहुंचे विधायक अनंत सिंह।
  •  “अगली बार तेजस्वी को दूसरी पार्टी से चुनाव लड़ना होगा”

पटना(Threesocieties.com Desk )। अपनी बेबाकी, अलग अंदाज और सियासी तंज के लिए मशहूर मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक अनंत सिंह एक बार फिर बिहार की राजनीति के केंद्र में आ गए। मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच बेउर जेल से एंबुलेंस द्वारा बिहार विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह ने विधायक पद की शपथ ली और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की।

यह भी पढ़ें: Dhanbad: बागडिगी खदान हादसे के 25 साल—29 शहीद खनिकों को बीसीसीएल सीएमडी ने दी श्रद्धांजलि

शपथ ग्रहण के बाद सदन के भीतर अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। यह दृश्य विधानसभा परिसर और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। बिना लिखित पाठ पढ़े शपथ लेने वाले अनंत सिंह पर सदन के भीतर और बाहर सभी की नजरें टिकी रहीं।

जेल लौटते वक्त तेजस्वी पर तंज

शपथ के बाद जब उन्हें दोबारा बेउर जेल ले जाया जा रहा था, उसी दौरान मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा राजनीतिक तंज कस दिया। उन्होंने कहा,“विपक्ष के पास बोलने के लिए कुछ बचा ही नहीं है। जो बोलना है बोलते रहें, अगली बार तेजस्वी को दूसरी पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ना पड़ेगा।” उनके इस बयान ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है।

 दुलारचंद यादव हत्याकांड पर बोले अनंत सिंह

मोकामा सीट से जुड़े दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि मामला जांच में है और उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है। अनंत सिंह ने कहा, “हम पूरी तरह निर्दोष हैं। जांच चल रही है और हमें 100 प्रतिशत न्याय मिलने की उम्मीद है।”

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान हुई इस हत्या के मामले में अनंत सिंह जेल में बंद हैं। बावजूद इसके उन्होंने जेल से ही चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। जेल में होने के कारण वे पहले शपथ नहीं ले पाए थे, लेकिन अदालत से अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को विधानसभा पहुंचे।

 सियासत में फिर गरमाया ‘अनंत सिंह फैक्टर’

विधानसभा में उनकी मौजूदगी, मुख्यमंत्री से मुलाकात और तेजस्वी यादव पर दिया गया बयान यह साफ करता है कि जेल में रहते हुए भी अनंत सिंह बिहार की सियासत में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने से पीछे नहीं हैं। मंगलवार का दिन बिहार की राजनीति में ‘अनंत सिंह फैक्टर’ के नाम रहा।