- 16 दिसंबर को 18,94,605 मतदाता 2378 मतदान केंद्रोंं पर करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
- 24 से 72 घंटे के अंदर सरकारी विज्ञापनों को हटाने का निर्देश
- 819 मतदान केंद्रों से होगी लाइव स्ट्रीमिंग
- 17 चेक नाका बनाकर जिले की सीमा रहेगी सील
- व्यापक पैमाने पर किया जायेगा टेक्निकल सर्विलांस
धनबाद:डीसी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा है कि 16 नवंबर को धनबाद के सभी छह विधानसभा धनबाद, झरिया, निरसा, टुंडी, बाघमारा व सिंदरी में होने वाले चुनाव को स्वच्छ, निर्भीक, कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए डिस्ट्रिक्ट एवं बूथ लेवल इलेक्शन मैनेजमेंट प्लान तैयार कर लिया गया है. चुनाव की घोषणा होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो चुकी है. सभी सरकारी परिसरों से 24 घंटे में, सार्वजनिक स्थान से 48 घंटे एवं निजी संपत्ति से 72 घंटे में सरकारी विज्ञापनों को हटाने का निर्देश दिया गया है.डीसी शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेस में बोल रहे थे.
उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर को और 38 सिंदरी, 39 निरसा, 40 धनबाद, 41 झरिया, 42 टुंडी एवं 43 बाघमारा विधान सभा के लिए 18,94,605 मतदाता 2378 मतदान केंद्रों व 1321 पोलिंग स्टेशन लोकेशन पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. उन्होंने बताया कि 819 मतदान केंद्रों से लाइव स्ट्रीमिंग की जायेगी.चुनाव में सैनिक बल, पुलिस बल के साथ व्यापक पैमाने पर टेक्निकल सर्विलांस भी किया जायेगा.विधानसभा चुनाव के लिए 22 नवंबर को गजट प्रकाशित होगा.22 नवंबर से 29 नवंबर तक अभ्यर्थी अपना नॉमिनेशन कर सकेंगे.30 नवंबर को आवेदनों की स्क्रूटिनी की जायेगी दो दिसंबर को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि होगी.16 दिसंबर 2019 को मतदान एवं 23 दिसंबर को मतगणना की जायेगी.
उन्होंने कहां की मतदान करने के लिए मतदाता सूची में नाम होना बुनियादी शर्त है. इसलिए सभी मतदाता अपने मतदान केंद्रों में जाकर या 1950, गो वेरीफाई या एनवीएसपी पोर्टल पर अपना नाम वेरीफाई कर लें. मतदाता सूची में नाम होने से वोटर कार्ड के अलावा आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त अन्य पहचान पत्र के आधार पर भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं.जिन छुटे हुए मतदाताओं का आवेदन 18 नवंबर 2019 तक प्राप्त होगा उसका निष्पादन कर दिया जायेगा.
उन्होंने बताया कि 28000 मतदाताओं को पर्सन विद डिसेबिलिटी की सूची में मार्क कर लिया गया है.दृष्टि बाधित मतदाताओं के लिए ब्रेन लिपि में मतपत्रों उपलब्ध रहेंगे. सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी सुनिश्चित की जायेगी.इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं वीवीपैट पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.चुनाव की घोषणा होने के साथ सी विजील एप क्रियाशील हो गया है. इसके माध्यम से जिम्मेदार व जागरुक नागरिक अपनी शिकायत चुनाव आयोग से कर सकता है. सी विजील एप से शिकायत मिलने पर 100 मिनट में शिकायत पर कार्रवाई की जाती है.
प्रेस कांफ्रेस में एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा की व्यवस्था की जायेगी.टुंडी एवं बाघमारा विधानसभा क्षेत्र पर प्रशासन व पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी.उन्होंने बताया कि इसके लिए पूर्व से ही तैयारी की गई है. चुनाव के माहौल को बिगाड़ने वाले चिन्हित कर लिए गये हैं. थाना वार एवं ओपी बार अवैध शराब निर्माता एवं बिक्री करने वाले, अपराधिक, उपद्रवी एवं अपराधिक इतिहास रखने वालों की सूची तैयार कर ली गई है. ऐसे लोगों पर विभिन्न अपराधिक धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. एसएसपी ने बताया कि चुनाव की घोषणा होते ही लाउडस्पीकर एक्ट लागू हो गया है.फ्लाइंग स्क्वाड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम इत्यादि का गठन कर लिया गया है. अंतर जिला एवं अंतर राज्य सीमा को सील बंद करने के लिए 17 चेक नाका बनाये गये हैं. कैश राशि, आर्म्स एवं अवैध सामग्री का आवागमन पर पूरी तरह से लगाम लगाई जायेगी.
प्रेस कांफ्रेस में डीसी व एसएसपी के अलावा म्यूनिशिपल कमीश्नर चंद्र मोहन कश्यप, उप नगर आयुक्त राजीव रंजन शर्मा, एसी श्याम नारायण राम, एसी (सप्लाई) संजय कुमार दोराईबुरु, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) अनिल कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सतीश चंद्र, एसडीएम राज महेश्वरम, डीआरडीए डायरेक्टर संजय कुमार भगत, उप निर्वाचन पदाधिकारी मृत्युंजय पांडेय, डीपीआरओ ईशा खंडेलवाल उपस्थित थे.