सिंदरी का बंद FCI अस्पताल बनेगा AIIMS जैसा सेंटर? सांसद ढुलू महतो की मांग पर केंद्र सरकार ने शुरू की प्रक्रिया

धनबाद के सिंदरी स्थित 20 साल से बंद पड़े FCI के 205 बेड वाले अस्पताल को AIIMS स्तर के सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में बदलने की मांग पर केंद्र सरकार ने पहल शुरू कर दी है। सांसद ढुलू महतो के प्रस्ताव पर स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विभागीय परीक्षण के निर्देश दिए हैं।

सिंदरी का बंद FCI अस्पताल बनेगा AIIMS जैसा सेंटर? सांसद ढुलू महतो की मांग पर केंद्र सरकार ने शुरू की प्रक्रिया
ढुलू महतो-जेपी नड्डा (फाइल फोटो)

धनबाद (Threesocieties.com Desk)। धनबाद और कोलफील्ड क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी उम्मीद की खबर सामने आई है। सिंदरी में स्थित करीब 20 वर्षों से बंद पड़े भारतीय उर्वरक निगम (FCI) के अस्पताल को AIIMS स्तर के सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की मांग पर अब केंद्र सरकार ने पहल शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: झारखंड: रांची में भाजपा सम्मान समारोह से धनबाद मेयर संजीव सिंह की दूरी, सियासी अटकलें तेज

धनबाद के सांसद ढुलू महतो द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने संज्ञान लेते हुए विभागीय परीक्षण शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इससे यह संभावना बनी है कि आने वाले समय में धनबाद समेत पूरे कोयलांचल क्षेत्र को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

लोकसभा में उठाया गया था मुद्दा

सांसद ढुलू महतो ने 2 फरवरी को लोकसभा में यह मामला उठाया था और सिंदरी स्थित FCI अस्पताल को फिर से चालू कर उसे AIIMS स्तर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बदलने की मांग रखी थी।अब केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पत्र लिखकर सांसद को सूचित किया है कि इस प्रस्ताव पर मंत्रालय स्तर पर परीक्षण शुरू कर दिया गया है।

20 वर्षों से बंद है 205 बेड वाला अस्पताल

धनबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिंदरी में स्थित FCI का यह विशाल अस्पताल कभी पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र हुआ करता था।

अस्पताल में करीब 205 बेड की सुविधा थी

लगभग 300 एकड़ भूमि में इसका विशाल परिसर फैला हुआ है

मजबूत भवन और बुनियादी ढांचा आज भी मौजूद है

लेकिन 2003 से यह अस्पताल बंद पड़ा है

इतनी बड़ी स्वास्थ्य परिसंपत्ति वर्षों से अनुपयोगी रहने के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से इसे फिर से चालू करने की मांग कर रहे थे।

ढुलू महतो ने केंद्र सरकार से मांग की है कि इस अस्पताल को आधुनिक स्वरूप देते हुए AIIMS स्तर का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस अस्पताल को फिर से विकसित किया जाता है तो धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा समेत पूरे कोलफील्ड क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। एमपी ने FCIL और VSS कर्मचारियों के लीज समझौते से जुड़े मुद्दे को भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाया, जिस पर मंत्री जी ने संबंधित विभाग से विस्तृत परीक्षण (Examination) कराने का निर्देश दिया है। सांसद ढुलू महतो ने कहा कि क्षेत्र के विकास, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है, जिसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।

नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज का भी प्रस्ताव

सांसद ने अस्पताल के साथ-साथ यहां नर्सिंग कॉलेज और पैरामेडिकल संस्थान स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा है।

यदि यह योजना लागू होती है तो इससे दो बड़े फायदे होंगे—

क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी

स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे

क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगा बड़ा सहारा

धनबाद और आसपास के जिलों में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को अक्सर रांची, कोलकाता या दिल्ली का रुख करना पड़ता है। ऐसे में यदि सिंदरी में AIIMS स्तर का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनता है तो यह पूरे क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव ला सकता है। सांसद ढुलू महतो ने कहा कि यह पहल धनबाद के समग्र विकास और जनस्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित हो सकती है। अब इस प्रस्ताव पर केंद्र सरकार के अंतिम निर्णय पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।