UPSC 2025 Result : AIIMS से MBBS करने वाले अनुज अग्निहोत्री बने देश के टॉपर, तीसरे प्रयास में हासिल की AIR-1
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी हो गया है। राजस्थान के रावतभाटा निवासी और AIIMS जोधपुर से MBBS करने वाले अनुज अग्निहोत्री ने AIR-1 हासिल कर देश में टॉप किया है। तीसरे प्रयास में मिली इस सफलता ने युवाओं को बड़ी प्रेरणा दी है।
नई दिल्ली (Threesocieties.com Desk)। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में राजस्थान के रावतभाटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) हासिल कर पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। अनुज की इस उपलब्धि से राजस्थान समेत पूरे देश के युवाओं में उत्साह की लहर है।
यह भी पढ़ें: UPSC 2025 Result : कोटा के अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर, एकांश ढुल तीसरे स्थान पर
यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.nic.in पर उम्मीदवार अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इस साल सिविल सेवा परीक्षा में कुल 958 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
AIIMS से MBBS करने के बाद चुना सिविल सेवा का रास्ता
अनुज अग्निहोत्री ने वर्ष 2023 में AIIMS जोधपुर से MBBS की पढ़ाई पूरी की। मेडिकल की पढ़ाई के दौरान ही उनका रुझान प्रशासनिक सेवा की ओर बढ़ा। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और तीसरे प्रयास में देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप कर इतिहास रच दिया।
तीसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता
अनुज इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा पास कर चुके हैं। उस समय उन्हें DANICS (Delhi, Andaman and Nicobar Islands Civil Service) कैडर मिला था और वे वर्तमान में बतौर प्रोबेशनर कार्यरत हैं। हालांकि उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और तीसरे प्रयास में AIR-1 हासिल कर IAS टॉपर बनने का सपना पूरा किया। रिजल्ट आने के बाद अनुज ने कहा कि उन्हें अभी-अभी परिणाम के बारे में पता चला है और यह उनके लिए बेहद खुशी का पल है।
रावतभाटा से शुरू हुई शिक्षा
अनुज अग्निहोत्री की शुरुआती पढ़ाई राजस्थान के रावतभाटा में हुई। उन्होंने परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय रावतभाटा से स्कूलिंग की।
12वीं में उन्होंने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। इसके बाद उन्होंने जोधपुर जाकर AIIMS जोधपुर से MBBS की डिग्री हासिल की।
परिवार में खुशी का माहौल
अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की इकाइयों में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। बेटे की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद परिवार और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
पढ़ाई के साथ अनुशासन सबसे जरूरी
सोशल मीडिया पर वायरल एक मॉक इंटरव्यू में अनुज ने बताया कि सिविल सेवा इसलिए चुनी क्योंकि इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने और समाज में बदलाव लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि MBBS की पढ़ाई के साथ UPSC की तैयारी करना आसान नहीं था, इसके लिए समय प्रबंधन और अनुशासन बेहद जरूरी था।
खेल और मनोरंजन में भी रुचि
अनुज पढ़ाई के साथ-साथ टेबल टेनिस खेलना, क्रिकेट देखना और स्टैंड-अप कॉमेडी देखना पसंद करते हैं। उनका मानना है कि तैयारी के दौरान मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए मनोरंजन भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी बधाई
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अनुज अग्निहोत्री को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता लाखों छात्रों को सिविल सेवा की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी।
टॉप-10 में तीन लड़कियों ने बनाई जगह
यूपीएससी के जारी रिजल्ट के अनुसार:
AIR-1: अनुज अग्निहोत्री
AIR-2: राजेश्वरी सुवे
AIR-3: एकांश ढुल
इस बार टॉप-10 में तीन लड़कियों ने भी जगह बनाई है, जो महिला उम्मीदवारों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
958 उम्मीदवार हुए चयनित
यूपीएससी के अनुसार सिविल सेवा परीक्षा 2025 में कुल 958 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
कैटेगरी के अनुसार चयन:
जनरल – 317
EWS – 104
OBC – 306
SC – 158
ST – 73
टॉपरों की लिस्ट , टॉप 20 कैंडिडेट
131589 अनुज अग्निहोत्री
4000040 राजेश्वरी सुवे एम
3512521 अकांश ढुल
0834732 राघव झुनझुनवाला
0409847 ईशान भटनागर
6410067 ज़िनिया अरोड़ा
0818306 ए आर राजा मोहिद्दीन
0843487 पक्षल सेक्रेटरी
0831647 आस्था जैन
1523945 उज्ज्वल प्रियांक
1512091 यशस्वी राज वर्धन
0840280 अक्षित भारद्वाज
7813999 अनन्या शर्मा
5402316 सुरभि यादव
3507500 सिमरनदीप कौर
0867445 मोनिका श्रीवास्तव
0829589 चितवन जैन
5604518 श्रुति आर
0105602 निसार दिशांत अमृतलाल
6630448 रवि राज






