Dhanbad: कोयलांचल में अवैध लॉटरी का साम्राज्य! झरिया से निरसा तक फैला करोड़ों का नेटवर्क, प्रशासन पर उठे सवाल

धनबाद में अवैध लॉटरी और गेसिंग खेल के बढ़ते नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। झरिया से निरसा तक खुलेआम टिकट बिक्री, करोड़ों के कारोबार और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर शिकायतें सामने आई हैं।

Dhanbad: कोयलांचल में अवैध लॉटरी का साम्राज्य! झरिया से निरसा तक फैला करोड़ों का नेटवर्क, प्रशासन पर उठे सवाल
रिया से सिंदरी तक अवैध लॉटरी का नेटवर्क।

   HighLights

  • धनबाद में अवैध लॉटरी कारोबार को लेकर विधायक को सौंपा गया शिकायत पत्र
  • झरिया, निरसा, सिंदरी समेत कई इलाकों में फर्जी लॉटरी बिक्री का आरोप
  •  शिकायतकर्ताओं का दावा- प्रतिदिन 8 से 10 करोड़ रुपये तक का कारोबार
  •  गरीब, मजदूर और युवाओं के आर्थिक शोषण का आरोप
  •  SSP ने मांगे साक्ष्य, विधायक बोले- फिर उठाएंगे विधानसभा में मुद्दा

धनबाद (Threesocieties.com Desk):

कोयलांचल में कथित तौर पर अवैध लॉटरी और गेसिंग खेल का कारोबार तेजी से फैलता नजर आ रहा है। झरिया से लेकर निरसा, सिंदरी, गोविंदपुर, बलियापुर, कतरास, भौरा, पाथरडीह और जामाडोबा तक इस नेटवर्क के सक्रिय होने के आरोप सामने आए हैं। अब इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है।

यह भी पढ़ें: “Muzaffarpur Govind Sharma Murder Case”: बाबुल निकला मास्टरमाइंड, शूटर सौरभ ने आइकॉन टावर में बरसाईं गोलियां

धनबाद जिले में अवैध लॉटरी कारोबार को लेकर सिंदरी विधायक को सौंपे गए शिकायत पत्र में दावा किया गया है कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठित तरीके से फर्जी लॉटरी का नेटवर्क संचालित हो रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसके जरिए प्रतिदिन लगभग 8 से 10 करोड़ रुपये तक का कारोबार किया जा रहा है।

सड़क किनारे खुलेआम बिक रहे टिकट, गरीब बन रहे शिकार

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य सड़कों, छोटी दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम लॉटरी टिकट बेचे जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मजदूर, गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार जल्दी पैसा कमाने के लालच में अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि इसका सबसे बड़ा असर रोज कमाने-खाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। कई परिवार आर्थिक संकट, कर्ज और सामाजिक समस्याओं से जूझ रहे हैं।

बनियाहिर में गेसिंग गेम को लेकर बढ़ी नाराजगी

झरिया के बनियाहिर क्षेत्र में स्थित अस्पताल के समीप बने सामुदायिक भवन में देर रात तक कथित तौर पर बड़े पैमाने पर गेसिंग खेल संचालित होने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां पैसों का लेन-देन खुलेआम होता है, लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई दिखाई नहीं देती। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत और विरोध के बावजूद हालात में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।

जाली लॉटरी बेचने का आरोप, राजस्व नुकसान की भी आशंका

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि झारखंड में प्रतिबंधित होने के बावजूद पश्चिम बंगाल सरकारी लॉटरी की तर्ज पर नकली टिकट तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे हैं। आवेदन में दावा किया गया है कि इससे सरकार को राजस्व नुकसान भी हो रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मैथन और निरसा क्षेत्र में कथित रूप से लॉटरी छपाई और वितरण का काम भी किया जाता है।

पुलिस अफसर बोले- जानकारी नहीं, साक्ष्य दें

मामले पर पूछे जाने पर पुलिस अफसरों ने कहा कि उन्हें इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं है। उन्होंने लोगों से साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील की है ताकि जांच की जा सके।

विधायक बोले- विधानसभा में फिर उठेगा मुद्दा

सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि अवैध लॉटरी का मामला पहले भी विधानसभा में उठाया जा चुका है। सरकार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या अब भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भोले-भाले और गरीब लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। इसलिए इस अवैध कारोबार पर सख्त रोक लगनी चाहिए।

अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि शिकायतों में लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच कब होगी और कथित अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई कब शुरू होगी। फिलहाल लोगों की निगाहें प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।