जमशेदपुर: मर्डर केस के आरोपी पिता-पुत्र पुलिस रिमांड पर, निशानदेही पर पिस्टल और बाइक बरामद
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्या कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरेंडर कर चुके आरोपी राज किशोर सिंह और अनिकेत सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल, जिंदा गोली और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
- बागबेड़ा हत्याकांड में बड़ा खुलासा
- रिमांड पर लिए गए आरोपियों की निशानदेही पर देसी पिस्टल, गोली और बाइक बरामद
जमशेदपुर (Threesocieties.com Desk): जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज चर्चित हत्या कांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बागबेड़ा थाना कांड संख्या-32/26, दिनांक 27 अप्रैल 2026 में दर्ज हत्या मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है।
यह भी पढ़ें: देवघर में निशिकांत दुबे से मिले मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह, राजनीतिक हलकों में बढ़ी चर्चा

यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/61 तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:30 बजे गितेन्दु कुमार गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रीना रानी के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें राज किशोर सिंह, अविनाश सिंह, अनिकेत सिंह समेत अन्य लोगों पर षड्यंत्र के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया गया था।

कोर्ट में सरेंडर के बाद पुलिस ने लिया रिमांड पर
मामले के प्राथमिकी अभियुक्त राज किशोर सिंह और उनके पुत्र अनिकेत सिंह ने 12 मई 2026 को जमशेदपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय से रिमांड पर लिया। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए।

हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल और गोली बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-05 स्थित राज किशोर सिंह के घर से हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, मैगजीन और एक जिंदा गोली बरामद की। इसके अलावा हत्या की घटना में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल (नंबर JH05D-9034) को भी परसुडीह थाना क्षेत्र के मोईगुटू इलाके से बरामद किया गया।
बरामद सामान
पुलिस द्वारा बरामद किए गए सामानों में शामिल हैं:
एक देसी पिस्टल मैगजीन सहित
एक जिंदा गोली
हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल (JH05D-9034)
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में बागबेड़ा थाना पुलिस और रिजर्व गार्ड की विशेष टीम शामिल रही। छापेमारी दल में:
थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर
पु.अ.नि. आलोक कुमार
पु.अ.नि. जेवियर होरो
स.अ.नि. संतोष कुमार
स.अ.नि. पवन कुमार सिंह
स.अ.नि. सुनील कुमार यादव
थाना रिजर्व गार्ड
शामिल थे।
कोर्ट में सरेंडर के बाद पुलिस रिमांड में खुले राज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद से फरार चल रहे पिता-पुत्र ने पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण बीते 12 मई को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय (कोर्ट) में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपियों बागबेड़ा कॉलोनी (रोड नंबर 5) निवासी राजकिशोर सिंह और उसके पुत्र अनिकेत सिंह को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने राजकिशोर के घर से पिस्तौल और कारतूस बरामद किया, जबकि हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक को परसुडीह थाना क्षेत्र के मुईघुटु से जब्त किया गया।
मर्डर का कारण: सीपी टोला का जमीन विवाद और सुपारी किलिंग
अब शूटरों की पूरी पहचान और गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों को दोबारा 48 घंटे की अतिरिक्त रिमांड पर लिया है। पुलिस अनुसंधान में यह बात पूरी तरह साफ हो चुकी है कि यह मामला सुपारी किलिंग (ContractKilling) का है। बागबेड़ा के सीपी टोला में एक जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर लोको पायलट जीके गौतम और आरोपी राजकिशोर सिंह के बीच लंबे समय से गहरा विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते राजकिशोर और उसके बेटों ने सुपारी देकर शूटरों से गौतम की हत्या करवा दी। मृतक की पत्नी रीना रानी के बयान पर बागबेड़ा थाने में राजकिशोर सिंह, उसके दो बेटों (अविनाश सिंह व अनिकेत सिंह) तथा अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने बिहार के गयाजी निवासी छोटू सिंह समेत एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।
यह है मामला
मूल रूप से बिहार के मुंगेर निवासी और आदित्यपुर (एकलव्य सिटी रोड) में रह रहे लोको पायलट जीके गौतम 26 अप्रैल 2026 की देर रात मूमालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद जब वह पैदल रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित गार्ड लॉबी की ओर जा रहे थे, तभी लॉबी गेट के पास घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई थी।






