" MP ढुलू महतो को MLA अरूप चटर्जी का खुला चुनौती, बोले- कोयला चोरी की जांच कराएं, सच सामने आ जाएगा"

धनबाद की राजनीति में नया सियासी घमासान शुरू हो गया है। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद ढुलू महतो पर कोयला चोरी, अवैध खनन, रंगदारी और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही 2029 लोकसभा चुनाव में भाजपा से टिकट नहीं मिलने का दावा भी किया।

" MP ढुलू महतो को MLA अरूप चटर्जी का खुला चुनौती, बोले- कोयला चोरी की जांच कराएं, सच सामने आ जाएगा"
अरूप बोले- 2029 में भाजपा नहीं देगी ढुलू महतो को टिकट"।

      HighLights:

  • निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद ढुलू महतो पर गंभीर आरोप लगाए।
  • कोयला माफियाओं के खिलाफ बाघमारा में धरना देने की घोषणा की।
  • फ्लाईओवर निर्माण में रंगदारी वसूली और गरीबों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया
  • सांसद को कोयला माफियाओं के खिलाफ सीबीआई और ईडी जांच की मांग करने की चुनौती दी।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद की राजनीति में एक बार फिर सियासी तापमान बढ़ गया है। भाजपा सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच जुबानी जंग अब खुली राजनीतिक लड़ाई में बदलती दिख रही है। सोमवार को धनबाद परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक अरूप चटर्जी ने सांसद ढुलू महतो पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप लगाये।

यह भी पढ़ें: बिहार को नितिन गडकरी का मेगा गिफ्ट! पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे समेत करोड़ों की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

अरूप चटर्जी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में भाजपा धनबाद ढुलू महतो को दोबारा टिकट नहीं देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद ढुलू महतो ने बाघमारा इलाके में अवैध कोयला कारोबार को संरक्षण दिया है। उन्होंने घोषणा की कि कोयला माफियाओं के खिलाफ वे जल्द ही बाघमारा में धरना देंगे।

"कोयला माफियाओं के खिलाफ लड़ने की वजह से हुई पिता की हत्या"

अरूप चटर्जी ने अपने पिता और पूर्व विधायक स्वर्गीय गुरुदास चटर्जी को याद करते हुए कहा कि वे वर्ष 1990 से 2000 तक विधायक रहे और हमेशा कोयला माफियाओं तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहे। इसी कारण उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि आज भी उनके शहादत दिवस पर हजारों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं।

विधायक ने दावा किया कि ढुलू महतो के पास हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संपत्ति का स्रोत क्या है। अरूप ने आरोप लगाया कि लकड़का, तेतुलिया, अंगारपथरा, केशलपुर, महुदा और हाथुडीह सहित कई इलाकों में अवैध कोयला खनन संचालित हो रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सांसद के नियंत्रण में कई कोल भट्ठे संचालित हैं, जहां चोरी का कोयला खपाया जाता है।

"संसद में कभी कोयला माफिया के खिलाफ आवाज नहीं उठाई"

अरूप चटर्जी ने कहा कि यदि सांसद वास्तव में कोयला माफियाओं के खिलाफ हैं तो उन्हें संसद में सीबीआई और ईडी जांच की मांग करनी चाहिए थी। उनका आरोप था कि सांसद स्वयं इस अवैध कारोबार से जुड़े होने के कारण कभी इस मुद्दे पर मुखर नहीं हुए।

फ्लाईओवर परियोजना के श्रेय को लेकर भी विवाद

निरसा विधायक ने गोविंदपुर और निरसा में बन रहे फ्लाईओवर परियोजनाओं का श्रेय लेने को लेकर भी सांसद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं की मांग पूर्व सांसद पीएन सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिक समितियों ने मिलकर की थी। उन्होंने दावा किया कि फ्लाईओवर का टेंडर लोकसभा चुनाव परिणाम आने से पहले ही जारी हो चुका था, ऐसे में सांसद द्वारा इसका श्रेय लेना उचित नहीं है।

रंगदारी वसूली और जमीन कब्जाने का भी आरोप

प्रेस वार्ता में विधायक ने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर निर्माण में लगी कंपनी से रंगदारी वसूली गई और ग्रामीणों की जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि गरीबों की बड़ी मात्रा में जमीन हड़पी गई है।

सांसद को खुली चुनौती

अरूप चटर्जी ने सांसद ढुलू महतो को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें दम है तो कोयला माफियाओं के खिलाफ स्वतंत्र एजेंसियों से जांच कराएं। उन्होंने कहा कि निरसा क्षेत्र में वे किसी भी कीमत पर माफियाओं को पनपने नहीं देंगे।