धनबाद : लोन रिकवरी एजेंट अमित अग्रवाल की हत्या, करोड़ों के कर्ज विवाद में आरोपी ने किचन में छिपाया था बॉडी

धनबाद के सरायढेला क्षेत्र में लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। एक करोड़ रुपये के लोन विवाद में आरोपी ने हत्या कर शव अपने घर के किचन में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच तेज कर दी है।

धनबाद : लोन रिकवरी एजेंट अमित अग्रवाल की हत्या, करोड़ों के कर्ज विवाद में आरोपी ने किचन में छिपाया था बॉडी
मृतक अमित कुमार अग्रवाल(फाइल फोटो)।

धनबाद (Threesocieties.com Desk)। कोयला राजधानी में एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया है। लोन रिकवरी एजेंट अमित कुमार अग्रवाल का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने उनका शव सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सूर्या हाईलैंड सिटी में आरोपी विकास खंडेलवाल के घर से बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: Dhanbad Nigam Chunav 2026: 23 फरवरी को वोटिंग, 6000 कर्मी और हाईटेक निगरानी के बीच होगा मतदान

परिजनों ने पहले ही अमित के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी। उनके मोबाइल पर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने का कॉल आने से मामला और गंभीर हो गया। इसके बाद धनबाद पुलिस सक्रिय हुई और थाना प्रभारी मनोज पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, जिससे पता चला कि लोकेशन लगातार बदल रही थी। तलाशी के क्रम में ढांगी मोड़ के पास सड़क किनारे अमित का मोबाइल बरामद हुआ, जिससे अनहोनी की आशंका और बढ़ गई। इसी दौरान शक के आधार पर पुलिस ने विकास खंडेलवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पर करीब एक करोड़ रुपये का लोन बकाया था और अमित उसके साथ लोन सेटलमेंट की प्रक्रिया में लगे थे। पूछताछ के दौरान आरोपी के हाथ में चोट के निशान मिलने से पुलिस का शक और गहरा हो गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, लोन विवाद को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने अमित की हत्या कर दी और शव को अपने घर के किचन में छिपाकर रखा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया।

मृतक अमित कुमार अग्रवाल बाबूडीह का रहने वाला था और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के लिए लोन रिकवरी का काम करता था। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं, संभावित साजिश और फिरौती कॉल के एंगल की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा।