धनबाद। धनसार पुलिस स्टेशन एरिया के महावीर नगर भूदा में बीएसएनएल के रिटायर एसडीओ और बीसीसीएल स्टाफ के घरों से विदेशी मुद्रा सहित 17 लाख के ज्वेलरी, कैश व कीमती सामान की चोरी हो गयी है। सूचना पाकर धनसार पुलिस स्टेशन की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इलाके में पहली बार में विदेशी मुद्रा की चोरी हुई है।
और भी पढ़ें
- JSSC-CGL पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, रद्दीकरण का आदेश निरस्त; 2000 अफसरों को राहत
- पटना में STF का बड़ा एनकाउंटर: पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के 3 आरोपी ढेर
- 1150 जिलेटिन, 1064 डेटोनेटर और 38 हथियार बरामद, बंगाल STF की बड़ी कार्रवाई
- धनबाद: शराब पार्टी के बाद मुन्ना पांडेय की हत्या, 20 हजार लूटने वाले दो गिरफ्तार
बताया जाता है कि महावीर नगर भूदा में बीएसएनएल टेलीफोन विभाग से रिटायर्ड एसडीओ श्यामसुंदर शरण और उनकी पत्नी वीणा सिन्हा (रिटायर्ड टीचर) मंगलवार की रात घर के एक कमरे में सो रहे थे। अहले सुबह जब वीणा सिन्हा फूल लाने बागीचे में जा रही थी तो देखा कि घर के एक कमरे के खिड़की का ग्रिल उखड़ा हुआ है। इसी रास्ते घर में घुसे चोरों ने अंदर आलमारी से पुराने जमाने के 15 लाख की ज्वेलरी और 5600 पाउंड विदेशी मुद्रा चुरा ली थी। दंपती का बेटा लंदन में नौकरी करता है। दोनों अपने बेटे के पास छह महीने रहकर कुछ दिन पहले ही लौटे थे। गृहस्वामी का कहना है कि जब वे लोग विदेश गए हुए थे, तब किसी प्रकार की घटना नहीं हुई, लेकिन आज वह एक कमरे में मौजूद रहने के बावजूद कमरे की खिड़की का ग्रिल उखाड़ कर घर में घुसे और लगभग 17 लाख की संपत्ति चोरी कर ली।
बीसीसीएल कर्मी अनिल कुमार के घर में भी चोरी हुई है। अनिल बीसीसीएल सुदामडीह में मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह घर के दूसरे कमरे में थे। देर रात चोर एक अन्य कमरे की खिड़की का ग्रिल उखाड़कर भीतर घुसकर अंदर से लॉक कर दिया। इसके बाद कमरे में रखे हुए जेवरात, लैपटॉप और कैश लेकर चलते बने। चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग दो लाख रुपये है। घटना की जानकारी सुबह हुई।उन्होंने यह भी बताया कि कुछ माह पहले भी उनके घर में चोरी की घटना हुई थी। यहां एक ही रात दो घरों में एक ही अंदाज में चोरी की घटना को क्रिमिनलों की ओर से अंजाम दिये जाने के कारण लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों को संदेह है कि चोरों ने गृहस्वामियों को सोई अवस्था मे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया होगा।