बिहार : नगर परिषद ऑफिस में EO की हत्या, सभापति को 5 गोलियां; अफसरों ने सरकार को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े अपराधियों ने घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्ण भूषण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद बिहार नगर सेवा संघ ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

बिहार : नगर परिषद ऑफिस में EO की हत्या, सभापति को 5 गोलियां; अफसरों ने सरकार को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
कृष्ण भूषण कुमार (फाइल फोटो)।

भागलपुर (Threesocieties.com Desk): बिहार में भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज गोलीबारी ने पूरे बिहार को हिला दिया। तीन नकाबपोश अपराधी नगर परिषद कार्यालय में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्ण भूषण कुमार की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि नगर परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हैं।

यह भी पढ़ें:MP ढुलू महतो ने अफवाहों पर लगाया फुल स्टॉप:“बोकारो भी उड़ेगा, धनबाद भी जुड़ेगा” दोनों शहरों को मिलेगा हक

सभापति को सिर समेत शरीर में कई गोलियां लगी हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उनका इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। यह घटना न सिर्फ प्रशासनिक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है, बल्कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी सीधा हमला मानी जा रही है।

सभापति को मारने आए थे बदमाश, बचाने में EO की गई जान
घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। सभापति राजकुमार गुड्डू अपने चैंबर में सैरात की बंदोबस्ती से जुड़ा काम देख रहे थे। तभी बाइक से आए तीन अपराधी सीधे उनके कार्यालय में घुसे और फायरिंग शुरू कर दी। प्राथमिक जांच और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस का मानना है कि अपराधियों का मुख्य निशाना सभापति राजकुमार गुड्डू थे। इसी दौरान वहां मौजूद EO कृष्ण भूषण कुमार अपराधियों से भिड़ गए। उन्होंने निहत्थे होकर बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने उनके माथे में दो गोलियां मार दीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

CCTV फुटेज में दिखी खौफनाक वारदात
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन नकाबपोश अपराधी बेखौफ होकर कार्यालय में घुसते दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में हथियार साफ नजर आ रहे हैं। फुटेज से साफ है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे और सीधे टारगेट पर हमला किया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और वार्ड पार्षद गोलीबारी होते ही जान बचाकर भागते नजर आए।

सभापति को 5 गोलियां, 8 राउंड से ज्यादा फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर परिषद कार्यालय में 8 से अधिक राउंड फायरिंग हुई। सभापति राजकुमार गुड्डू को पांच गोलियां लगीं। गोलीबारी के बाद पूरे कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। अपराधी फायरिंग करते हुए आराम से फरार हो गए। मौके से पुलिस को खोखा भी बरामद हुआ है।

लोकल क्रिमिनलों पर शक, गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित
भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे व छानबीन की। नगर परिषद कार्यालय को सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधी स्थानीय हो सकते हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए 3 से 4 टीमों का गठन किया गया है और लगातार छापेमारी की जा रही है।

मधुबनी के रहने वाले थे EO कृष्ण भूषण कुमार
मृतक EO कृष्ण भूषण कुमार मूल रूप से मधुबनी जिले के गदियानी लोहरसारी मोहल्ला वार्ड 12 के रहने वाले थे। वे बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। उनकी पोस्टिंग कहलगांव नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में थी। सुल्तानगंज नगर परिषद में EO का पद खाली होने के कारण उन्हें अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। वे अपने पीछे पत्नी, 3 साल का बेटा और 1 साल की बेटी छोड़ गए हैं। परिवार में वे चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी हत्या की खबर से पूरे परिवार में मातम पसरा है। पैतृक घर पर सन्नाटा है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

अफसरों का फूटा गुस्सा, सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम
इस हत्याकांड के बाद बिहार नगर सेवा संघ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। संघ ने मुख्यमंत्री, डीजीपी, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव और मानवाधिकार आयोग को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि— हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी हो, दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए व  राज्य भर के सभी EO की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो राज्यभर के निकाय अधिकारी हड़ताल पर चले जाएंगे।

सम्राट सरकार की पुलिस को अपराधियों की खुली चुनौती
सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय के भीतर हुई यह हत्या बिहार की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। सरकारी दफ्तर में घुसकर हत्या ने साफ संकेत दिया है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। भागलपुर से लेकर पटना तक प्रशासनिक हलकों में हड़कंप है। यह वारदात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार और बिहार पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। अब पूरे बिहार की नजर इस बात पर है कि पुलिस इस हत्याकांड के आरोपियों को कितनी जल्दी पकड़ती है और सरकार अफसरों के गुस्से को कैसे संभालती है।