धनबाद रेलवे यार्ड में ‘गांजा एक्सप्रेस’ का भंडाफोड़! ट्रेन से हो रही थी तस्करी, RPF-पुलिस ने दबोचे दो आरोपी

धनबाद रेलवे यार्ड में पुलिस और RPF की संयुक्त कार्रवाई में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। गंगा-सतलज ट्रेन के जरिए गांजा भेजने की सूचना पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने करीब पांच किलो गांजा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

धनबाद रेलवे यार्ड में ‘गांजा एक्सप्रेस’ का भंडाफोड़! ट्रेन से हो रही थी तस्करी, RPF-पुलिस ने दबोचे दो आरोपी
गा-सतलज ट्रेन बनी तस्करी का जरिया, धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
  • रेलवे अटेंडेंट निकला गांजा तस्कर, धनबाद यार्ड से 5 किलो गांजा बरामद
  •  रेलवे यार्ड से दो गिरफ्तार,एक फरार

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में रेलवे यार्ड के जरिए चल रहे गांजा तस्करी के नेटवर्क का पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने पर्दाफाश किया है। धनसार थाना क्षेत्र के काठपुल बरमसिया स्थित रेलवे यार्ड में गंगा-सतलज ट्रेन के माध्यम से अवैध गांजा बाहर भेजे जाने की गुप्त सूचना पर संयुक्त छापेमारी करते हुए पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब पांच किलो गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।

यह भी पढ़ें: धनबाद SNMMCH में ऑक्सीजन संकट से कोहराम! दो मरीजों की मौत, 16 ऑपरेशन टले

गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई

धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि बुधवार रात करीब 8:20 बजे सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर रेलवे यार्ड पहुंचे हैं और ट्रेन के जरिए उसकी तस्करी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही धनसार थाना की गश्ती टीम और RPF ने संयुक्त रूप से काठपुल रेलवे यार्ड के पास घेराबंदी शुरू कर दी।

बैग सौंपते ही पुलिस ने दबोचा

छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि एक युवक बाइक से उतरकर दूसरे युवक को बैग दे रहा था। पुलिस टीम को देखते ही बाइक सवार एक आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गया, लेकिन दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर बैग से पांच अलग-अलग प्लास्टिक पैकेट में रखा करीब पांच किलो गांजा बरामद हुआ।

रेलवे अटेंडेंट निकला तस्करी का मास्टरमाइंड

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ निवासी 37 वर्षीय मुकेश राम और जामताड़ा जिले के फतेहपुर निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार मोदी के रूप में हुई है। पूछताछ में राहुल मोदी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह रेलवे में अटेंडेंट का काम करता है और इसी का फायदा उठाकर ट्रेनों के जरिए गांजा तस्करी करता था। उसने स्वीकार किया कि वह पहले से इस अवैध कारोबार में शामिल रहा है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी जल्द सामने आ सकते हैं।

कई अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस संयुक्त कार्रवाई में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार, RPF टीम और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस राज्य में भेजने की तैयारी थी।