धनबाद: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना,डीसी, समेकित यक्ष्मा एवं कुष्ठ रोगी खोज,पी के रॉय मेमोरियल कॉलेज,लोक अदालत,अपनी बात कार्यक्रम DHANBAD NEWS

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 13136 तथा मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना में 32992 किसानों को मिलेगी सहयोग राशि: डीसी धनबाद: डीसी ए दोड्डे ने कहा है कि धनबाद जिला प्रशासन का कार्य विगत माह उपलब्धियों से भरा रहा. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 24 जून 2019 तक 13136 किसानों की अंतिम सूची तैयार कर प्रथम / द्वितीय किस्त के रूप में 2000 रुपए भुगतान हेतु उपलब्ध कराया जा चुका है. मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के अंतर्गत 62722 मुद्रित नोटिस के आलोक में 32992 किसानों को 5000 रुपए प्रति एकड़ की दर से सहयोग राशि प्रदान कराने के लिए आवश्यक कार्यवाई की जा रही है. डीसी ने शनिवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित मंथली प्रेस कांफ्रेस में मीडिया को यह जानकारी दी.मौके पर डीडीसी शशि रंजन व डीपीआरओ ईशा खंडेलवाल भी मौजूद थी. डीसी ने बताया कि जिले के सभी अंचलों में उत्तराधिकार दाखिल खारिज, लगान रसीद निर्गत करने एवं ऑनलाइन लंबित दाखिल खारिज का त्वरित निष्पादन करने हेतु हल्का वार 10 - 10 दिनों का कैंप का आयोजन किया जा रहा है. कैंप में अभी तक 1055 आवेदन अंचल कार्यालय में जमा किये गये हैं. विगत माह 260 ऑनलाइन दाखिल खारिज का निष्पादन किया जा चुका है.उन्होंने समाज कल्याण के कार्य योजनाओं के बारे में बताया कि वित्तीय वर्ष 2019 - 20 में 2.04 करोड़ रुपए का आवंटन प्राप्त हुआ. जिसके आलोक में 1.59 करोड रुपए निकासी की कार्रवाई पूरक पोषाहार के लिए की जा रही है. मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 46 लाभुकों को 13.80 लाख दिए गए हैं. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए अब तक 43187 लाभुकों को लाभ दिया गया है. डीसी ने कहा कि मख्यमंत्री सुकन्या योजना में 1210 लाभुकों की स्वीकृति की गई है. इसके लिए 60.90 लाख रुपये व्यय किए गए हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुकन्या योजना का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा पर जोर तथा बाल विवाह प्रथा को अंत करना है.डीसी ने बताया कि तोपचांची, टुंडी, पूर्वी टुंडी, निरसा, गोविंदपुर, बाघमारा, धनबाद, बलियापुर, कलियासोल एवं एग्यारकुंड प्रखंडों के 537 सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजना पारित की गई है. वहीं पेवर ब्लॉक आधारित सड़क के लिए 256 तथा एलइडी स्ट्रीट लाइट के लिए इन प्रखंडों में 35821 योजनाएं पारित की गई है.उन्होंने बताया कि तोपचांची, टुंडी, पूर्वी टुंडी, निरसा, गोविंदपुर, बाघमारा, धनबाद, बलियापुर, कलियासोल एवं एग्यारकुंड प्रखंडों में 14वें वित्त आयोग से संबंधित अब तक ली गई 12799 योजनाओं में से 8772 योजनाओं पर कार्य पूरा किया जा चुका है.डीसी ने जिला राजस्व शाखा, जिला समाज कल्याण, सहायक श्रमायुक्त, कृषि, पंचायत राज, जेएसएलपीएस, सहकारिता, कल्याण तथा शिक्षा विभाग के संबंध में भी जानकारी प्रदान की. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी के संबंध में डीसी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विश्व बैंक द्वारा संपोषित जोहार परियोजना पूर्वी टुंडी एवं टुंडी में चलाई जा रही है. इसके अंतर्गत 22 पंचायत में 88 उत्पादक समूह का गठन किया गया है एवं प्रस्तावित लक्ष्य के विरुद्ध 4000 परिवार में से 3179 परिवार को जोड़ा गया है जो उन्नत कृषि एवं मत्स्य पालन के कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना पर बताया कि वित्तीय वर्ष 2019 - 20 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ी जाति के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान हेतु 14.65 करोड़ रुपए का आवंटन प्राप्त हुआ. विद्यालयों से छात्र-छात्राओं की सूची की मांग की गई है। सूची मिलने के पश्चात भुगतान की कार्रवाई की जायेगी. भुगतान की कार्रवाई सीधे डीबीटी के माध्यम से की जायगी. जिले में एक से 14 जुलाई तक चलेगा समेकित यक्ष्मा एवं कुष्ठ रोगी खोज अभियान धनबाद: जिले में एक जुलाई से 14 जुलाई 2019 तक समेकित यक्ष्मा एवं कुष्ठ रोगी खोज अभियान चलाया जायेगा. अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगे एवं यक्ष्मा के लक्षण पाए जाने पर संदेहास्पद रोगी की जांच पास के प्रयोगशाला में कराई जायेगी.उक्त जानकारी सिविल सर्जन डॉ अतुल गोपाल दास ने आज डीसी की अध्यक्षता में आयोजित मासिक पत्रकार सम्मेलन में दी. उन्होंने बताया कि रोग पाए जाने की स्थिति में मरीज का निबंधन कर उसका उपचार किया जायेगा. सिविल सर्जन ने बताया कि गंभीर जन स्वास्थ्य समस्या टीबी से मुक्ति हेतु भारत सरकार द्वारा 2025 तक एलिमिनेट टीबी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके तहत सभी अधिसूचित टीबी रोगी को उपचार अवधि तक "निक्षय पोषण योजना" के अंतर्गत पोषण सहायता हेतु सरकार द्वारा प्रतिमा 500 रुपए उनके बैंक अकाउंट में दिए जा रहे हैं.अभियान में प्रत्येक खोजी दल में एक पुरुष एवं एक महिला स्वास्थ्य कर्मी रहेंगे जो पुरुष एवं महिला की स्क्रीनिंग करेंगे.जिले की कुल 31,53,870 जनसंख्या को स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभियान को सफल बनाने के लिए 2253 टीम एवं 451 सुपरवाइजर बनाये गये हैं, जो संपूर्ण जनसंख्या की स्क्रीनिंग करेंगे. सीएस ने कहा कि जिला स्तर पर जिला स्तरीय पर्यवेक्षक को मनोनीत किया गया है. जो जिले के 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के कार्यों का पर्यवेक्षण एवं मूल्यांकन करेंगे. पर्यवेक्षक प्रतिदिन सिविल सर्जन को अपराहन 6:00 बजे समीक्षात्मक बैठक में निर्धारित फॉर्मेट में प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे.अभियान में कुल 57 लाख 62 हजार 494 रुपए का व्यय अनुमानित है. यक्ष्मा नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 9 टीबी यूनिट, 36 डेजिग्नेटिड माइक्रोस्कोपिक सेंटर एवं दो सीबीएनएएटी संचालित है जहां यक्ष्मा के मरीजों की जांच उपचार पूर्णत निशुल्क है.  पी के रॉय मेमोरियल कॉलेज में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्टूडेंट सेटिस्फेक्शन सर्वे धनबाद: नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ एजूकेशनल प्लैनिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन {NIEPA} द्वारा आज पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज में स्टूडेंट सेटिस्फेक्शन सर्वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया. पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज के प्रिंसिपल व झारखंड स्टेट कोऑर्डिनेटर स्टूडेंट सेटिस्फेक्शन सर्वे ( निफा) डॉ बी.के सिन्हा ने बताया कि कॉलेज में वीडियो कॉलेज में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रोफेसर मैथ्यू एव प्रोफेसर सुधांशु भूषण ने स्टूडेंटों से कॉलेज की व्यवस्था ,कॉलेज का इंफ्रास्ट्रक्चर ,स्मार्ट क्लासरूम है या नहीं ,वाई-फाई सुविधा उपलब्ध है या नहीं , फी स्ट्रक्चर क्या है ,शिक्षकों लैंग्वेज स्किल कैसा है कॉलेज में पेयजल की क्या व्यवस्था है या नहीं बाथरूम का व्यवस्था है या नहीं इन सभी चीजों की जानकारी ली. स्टूडेंटों ने अपनी समस्या रखी जैसे उनको कॉलेज में पढ़ने में किन-किन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, पीने की पानी का समस्या, ग्राउंड की समस्या की समस्या, कॉलेज का अपनी वाहन व्यवस्था ना होना ,छात्रावास ना होना, शौचालय की समस्या आदि. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रत्येक स्टूडेंट से उनका नाम परिचय वह आगे चलकर क्या क्या बनना चाहते हैं कोई अगर कॉलेज छोड़ रहा है तो किन कारणों से छोड़ रहा है. इस कॉन्फ्रेंस में पीके रॉय कॉलेज के विभिन्न विभाग के विद्यार्थी थे इसके अलावा एस एस एल एंड टी टी टी महिला महाविद्यालय B.Ed के स्टूडेंट्स, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल यूनिवर्सिटी पीजी डिपार्टमेंट के विद्यार्थी उपस्थित थे. लोक अदालत में 77 मामलों का निष्पादन, 15.12 लाख की रिकवरी धनबाद: सिविल कोर्ट धनबाद में शनिवार को लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में किया गया. लोक अदालत में 12 बेंच का गठन किया गया था जिसमें न्यायिक पदाधिकारी व डालसा के पैनल अधिवक्ता शामिल थे. लोक अदालत में सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी थी. कुल 77 मामलों का निष्पादन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश अविनाश कुमार दुबे ने बताया कि लोक अदालत में मामलों के निपटारे से15 लाख 12 हजार रुपये की राजस्व की रिकवरी हुई.  अपनी बात कार्यक्रम में 22 कॉलरों ने अपर समाहर्ता (आपूर्ति) को अपनी समस्या सुनाई धनबाद: जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा आज आयोजित अपनी_बात कार्यक्रम में शनिवार को 22 कॉलरों ने अपर समाहर्ता (आपूर्ति) संदीप कुमार दोराईबुरू को अपनी समस्या सुनाई. लोगों ने अलग राशन कार्ड बनाने, राशन कार्ड में परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने, पीडीएस डीलर बदलने सहित अन्य समस्या से अपर समाहर्ता अवगत कराया. बरवा पूर्व से एक कॉलर में फोन कर बताया कि गोविंदपुर, बरवा पूर्व में स्थित 3 - 3 स्कूलों के बगल में शराब की बिक्री धड़ल्ले से जारी है. इससे बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. इस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए. इस पर तत्काल कार्रवाई करने का आश्वासन अपर समाहर्ता आपूर्ति ने दिया.बाघमारा प्रखंड के मलकेरा (दक्षिण) पंचायत के एक कॉलर ने फोन कर बताया कि वहां पर कई अयोग्य व्यक्तियों को पेंशन की राशि मिल रही है. सभी तेतरी बस्ती में रहते हैं. ऐसे एक नहीं, अनेक लोग हैं, जो अयोग्य होने के बाद भी सरकारी पेंशन उठा रहे हैं. अपर समाहर्ता आपूर्ति ने कहा कि वे इसकी तत्काल जांच कराएंगे तथा अयोग्य व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी करेंगे.