Dhanbad News: मुख्यमंत्री सुकन्या योजना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, वृहद पौधारोपण से धनबाद बन सकता है सर्वश्रेष्ठ जिला, हरीश जोशी एवं श्वेता मंडल बने विधि सलाहकार, इलिगल शराब ठिकानों पर छापा

सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है मुख्यमंत्री सुकन्या योजना: डीसी

  • 20 दिन में हर आंगनबाड़ी केंद्र जमा करें 20 लाभुकों का फॉर्म
  • हर बुधवार को लगाया जायेगा विवाह निबंधन कैंप

धनबाद: डीसी अमित कुमार ने कहा है कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है मुख्यमंत्री सुकन्या योजना. सभी आंगनबाड़ी केंद्र इस योजना के लिए मिशन मोड में काम करें. 20 दिन में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र 20 लाभुकों का आवेदन जमा करें. जो बच्ची जीवन में कुछ करना चाहती है सरकार उसके लिए काम कर रही है.सीएम भी हर प्रमंडल के कार्यक्रम में इस योजना के बारे में लोगों को जागरुक करते हैं.आंगनबाड़ी केंद्र में सुयोग्य लाभुकों का चयन कर इस योजना का लाभ प्रदान करना सभी बाल विकास योजना पदाधिकारी की नैतिक जिम्मेदारी है. डीसी अमित कुमार ने यह बातें समाज कल्याण विभाग एवं सामाजिक सुरक्षा की समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही.

डीसी ने कहा कि यह राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं में है। योजना का लाभ सुयोग्य लाभुकों को नहीं मिलने के कारण पैसे के अभाव में उच्च शिक्षा ग्रहण करने से वंचित रह जाते हैं. उन्होंने कहा कि योजना में 18 साल की बच्चियों को शामिल करें, प्लस टू विद्यालय से उनकी सूची ले. सेविका के पास उपलब्ध मतदाता सूची से भी लाभुकों का चयन करें. योजना के लिए 20400 लाभुकों का लक्ष्य निर्धारित करें. लाभुकों को राशि प्रदान के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है.बेहतर काम करने वाली 5 सुपरवाइजर एवं 5 सेविका को सम्मानित किया जायेगा.

डीसी ने आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा करते हुए कहा कि 30 अगस्त तक ग्राम सभा, प्रखंड स्तरीय एवं जिला स्तरीय बैठक कर पोषण सखी की नियुक्ति सुनिश्चित करें. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की बुनियादी संरचना की समीक्षा करते हुए कहा कि इसमें विद्युतीकरण, पेयजल, शौचालय, किचन गार्डन इत्यादि का विस्तारपूर्वक ब्यौरा तैयार करे. इसका डीटेल ऑडिट किया जाएगा। सभी 2231 आंगनबाड़ी केंद्रों का किसी एक दिन भौतिक सत्यापन किया जायेगा.डीसी ने निर्देश दिया कि हर माह की पांच तारीख को सभी आंगनबाड़ी केंद्र में पोषाहार की राशि ट्रांसफर होनी चाहिए.उन्होंने पेयजल विभाग को स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को राशि हस्तांतरित करने का निर्देश दिया. साथ ही मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बनाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया.

डीसी ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि वैसे लाभुकों का चयन करें जिसे योजना का लाभ मिलने पर उसकी स्थिति सुदृढ़ हो सके. कई गरीब परिवार को शादी के लिए कर्ज लेना पड़ता है। इस योजना से वैसे लोगों की सहायता करे.उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लिए विवाह निबंधन अनिवार्य है. निबंधन में किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए हर बुधवार को दिन के 10 बजे से दोपहर दो बजे तक विवाह निबंधन कार्यालय में अलग से कैंप लगाया जायेगा. डीसी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की. उन्होंने कहा कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर योजनावार योजना के लाभुकों को ब्रांड अम्बेसडर बनाया जायेगा.

बैठक में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा प्रवीण कुमार, महिला एवं बाल विकास पदाधिकारी दीप माला, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडेलवाल, सभी बाल विकास योजना पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

वृहद पौधारोपण से धनबाद बन सकता है सर्वश्रेष्ठ जिला

  • केन्द्रीय समिति ने की लेदाटांड में वृहद पैमाने पर किए गए पौधारोपण की सराहना_

धनबाद: जल शक्ति अभियान के केंद्रीय नोडल पदाधिकारी आनंद शेरखानी ने कहा है कि जल शक्ति अभियान में सर्वश्रेष्ठ जिला बनने के लिए वृहद पैमाने पर पौधारोपण करने की आवश्यकता है. अभियान के अंतर्गत धनबाद में कार्य अच्छे प्रगति पर है लेकिन सर्वश्रेष्ठ जिला बनने के लिए और अधिक मेहनत करने की जरूरत है. जहां भी पौधारोपण हो रहा है उसकी जियो टैगिंग कर जल शक्ति अभियान के वेब पोर्टल पर अपलोड करें. धनबाद की आबादी के अनुसार पौधारोपण करें। प्रथम आने के लिए सभी को मिलकर विशेष मेहनत करनी होगी. वह समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में बोल रहे थे.

श्री शेरखानी ने बताया कि बुधवार को तोपचांची प्रखंड के लेदाटांड पंचायत के कामता गांव में वृहद पैमाने पर किये गये पौधारोपण एवं ट्रेंच कम बाउंडिंग की केन्द्रीय समिति ने भी सराहना की है. यह गौरव का विषय है. गौरव को बरकरार रखने के लिए अब अभियान के तहत केवल 37 दिन ही बचे हैं. इसका सदुपयोग कर अधिक से अधिक पौधारोपण करें.

बैठक में डीसी अमित कुमार ने कहा कि अब समय कम है इसलिए वृहद पैमाने पर पौधारोपण किया जायेगा. धनबाद की रैंकिंग में हो रहे सुधार को बरकरार रखने के लिए व्यापक पैमाने पर ट्रेंच कम बाउंडिंग, तालाबों का गहरीकरण, नये तालाबों का निर्माण, हर सरकारी भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं चापाकल के पास सोक्ता का निर्माण किया जायेगा.

बैठक में डीडीसी शशि रंजन ने कहा कि जिले में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के कई ओवरबर्डन है. इस पर पीपल, नीम, कटहल इत्यादि के पौधे लगाकर आने वाले समय में उसे हरा भरा किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि ओवरबर्डन पर लगभग 50000 पौधे लगाये जा सकते हैं. इसमें स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर अभियान को और गति प्रदान की जा सकती है.

बैठक में जल शक्ति अभियान के केंद्रीय नोडल पदाधिकारी आनंद शेरखानी, डीसी अमित कुमार, डीडीसी शशि रंजन, डीएफओ विमल लकड़ा, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, निदेशक एनईपी, जिला योजना पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी

हरीश जोशी एवं श्वेता मंडल बने विधि सलाहकार

धनबाद: एसएसपी ऑफिस में अपराधिक वादों के सशक्त अभियोजन के लिए हरीश कुमार जोशी एवं श्वेता मंडल को विधि सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है. उपरोक्त नियुक्त अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के 7 दिनों के अंदर पदस्थापित कार्यालय में अपना योगदान देना सुनिश्चित करेंगे.

जल शक्ति अभियान के केन्द्रीय नोडल पदाधिकारी, डीडीसी, डीपीओ ने किया टाटा स्टील के झरिया डिवीजन में पौधारोपण

धनबाद: जल शक्ति अभियान के तहत टाटा स्टील झरिया डिवीजन के जोड़ापोखर क्षेत्र में जल शक्ति अभियान के केन्द्रीय नोडल पदाधिकारी आनंद शेरखानी, डीडीसी शशि रंजन, जिला योजना पदाधिकारी चंद्र भूषण तिवारी ने पौधारोपण किया.सभी ने पौधारोपण स्थल का दौरा किया और क्षेत्र के ग्रीन बेल्ट विकास के लिए टाटा स्टील के प्रयासों की सराहना की.

उल्लेखनीय है कि इस मानसून में टाटा स्टील झरिया डिवीजन ने पहले ही 41000 से अधिक पौधे रोपे हैं और सितंबर 2019 तक 12000 पौधे लगाए जायेंगे.इस अवसर पर राजेश कुमार, यूनिट हेड (टीएसआरडीएस), अंकित अग्रहरी, सीनियर मैनेजर (इन्वायर्नमेंट), टाटा स्टील झरिया, एस पी सिंह, एक्जीक्यूटिव (टीएसआरडीएस), अनूप कुमार सिंह, एक्जीक्यूटिव और मदन एम सिन्हा उपस्थित थे.

उत्पाद विभाग ने लोयाबाद सहित कई इलिगल शराब ठिकानों पर मारा छापा

धनबाद: डीसी अमित कुमार के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद डॉ राकेश कुमार के नेतृत्व में लोयाबाद, श्याम बाजार सिजुआ, केसलपुर, अंगारपथरा सहित इलििगल शराब कारोबारियों के अन्य ठिकानों पर छापामारी की गयी.
सहायक आयुक्त उत्पाद ने बताया कि विभाग की इस कार्रवाई में लगभग 5500 खमीरयुक्त महुआ, 220 लिटर अवैध चुलाई की गई शराब को नष्ट किया गया.इस संबंध में 6 फरार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है.छापामारी में उत्पाद विभाग के साथ संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस साथ में थी.