धनबाद: चैत्र नवरात्र की तैयारियां तेज, शक्ति मंदिर में आरती के समय में बदलाव; 19 मार्च को भजन संध्या व आरती
धनबाद के शक्ति मंदिर में चैत्र नवरात्र को लेकर श्री भगवती जागरण कमिटी की बैठक सम्पन्न हुई। आरती के समय में बदलाव किया गया है और 19 मार्च को विशेष भजन संध्या व भारत माता आरती का आयोजन होगा।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): शहर के प्रसिद्ध शक्ति मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्री भगवती जागरण कमिटी के आजीवन सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार (15 मार्च) को दोपहर 12:15 बजे उपाध्यक्ष राजीव सचदेवा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में नवरात्र की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई अहम निर्णय लिये गये।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की पुष्टि से हुई, जिसके बाद आगामी नवरात्र पर्व को भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न प्रस्ताव पारित किये गये।
आरती के समय में किया गया बदलाव
कमिटी ने बढ़ती गर्मी और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार आरती के समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है। पहले विश्राम आरती सुबह 11 बजे होती थी, जिसे अब 10:30 बजे कर दिया गया है। वहीं संध्या आरती, जो पहले शाम 6 बजे होती थी, अब 6:30 बजे से संपन्न होगी। कमिटी के अनुसार इस बदलाव से मंदिर आने वाले भक्तों को अधिक सुविधा मिलेगी और भीड़ प्रबंधन भी बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।
पहले नवरात्र के यजमान होंगे अशोक अरोड़ा दंपति
बैठक में यह भी तय किया गया कि इस वर्ष पहले नवरात्र के यजमान के रूप में श्री अशोक अरोड़ा एवं उनकी धर्मपत्नी पूजा अरोड़ा पूजा-अर्चना करेंगे। परंपरा के अनुसार यजमान द्वारा विधिवत पूजा के साथ नवरात्र अनुष्ठान का शुभारंभ किया जाएगा।
19 मार्च को विशेष भजन संध्या और भारत माता आरती
कमिटी ने जानकारी दी कि 19 मार्च (गुरुवार) को हिन्दू नववर्ष के आगमन के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।शाम 5:05 बजे से भारत माता के भजनों का विशेष कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक मनोज सैन और उनके सहयोगी देशभक्ति से ओत-प्रोत भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती भी कराई जाएगी।
एलईडी स्क्रीन पर श्रद्धालु करेंगे सामूहिक आरती
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर के पीछे स्थित प्रांगण में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने का निर्णय लिया गया है। यहां भक्तजन सामूहिक रूप स “हाथों में ले के दिया करें मां की आरती” जैसे भजनों के साथ आरती का आनंद ले सकेंगे और भक्तिमय वातावरण का अनुभव करेंगे।
सेवा कार्यों के लिए सदस्यों की ड्यूटी तय
नवरात्र के दौरान मंदिर की व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए कमिटी ने सेवा कार्यों के लिए अलग-अलग समय पर सदस्यों की जिम्मेदारी तय की है।
सुबह 5:05 से 7:45 बजे: राहुल भंडारी, रूप किशोर टंडन, सोमनाथ प्रुथी, राकेश आनंद
7:30 से 9:30 बजे: दिनेश पुरी, कनव बाली, दीपक चोपड़ा
9:30 बजे से पट्ट बंद होने तक: निरंजन चौटालिया, रवि गंडोत्रा, राजीव सचदेवा, अरुण भंडारी, सुरेंद्र अरोड़ा
संध्या 5:05 से 7:30 बजे: साकेत साहनी, अशोक भसीन, अशोक अरोड़ा, दिनेश पुरी, राकेश आनंद, सोमनाथ प्रुथी, रूप किशोर टंडन, कनव बाली, दीपक चोपड़ा, रवि गंडोत्रा, राजीव सचदेव, अरुण भंडारी और सुरेंद्र अरोड़ा
प्रसाद और पूजन व्यवस्था की जिम्मेदारी तय
मंदिर के ऑफिस कार्य, भोग-प्रसाद बुकिंग और पूजन की तैयारियों की जिम्मेदारी ब्रजेश मिश्रा, गौरव अरोड़ा, जितेंद्र मालाकार और धर्मेंद्र कुमार को सौंपी गई है। बैठक का संचालन संयुक्त सचिव सुरेंद्र अरोड़ा ने किया, जबकि अंत में सुरेंद्र ठक्कर ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
श्रद्धालुओं से की गई विशेष अपील
कमिटी के पदाधिकारियों ने शहर के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करें तथा धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएं।






