पत्नी ने गिफ्ट की थी थार, पति ने उसी में गोली मार किया मर्डर, अदीला हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा

मुरादाबाद के चर्चित अदीला रहमान हत्याकांड में बड़ा खुलासा। पति गुलफाम अली ने प्रेम विवाह के बाद पारिवारिक विवाद में पत्नी की उसी थार SUV में गोली मारकर हत्या कर दी, जिसे अदीला ने उसे गिफ्ट किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म।

पत्नी ने गिफ्ट की थी थार, पति ने उसी में गोली मार किया मर्डर, अदीला हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा
अदीला हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा।

Advertisement

   HighLights:

  • पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह, आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला जुर्म
  • शव को रुड़की की नहर में फेंका, पहचान न होने पर हुआ लावारिस अंतिम संस्कार
  • पुराने केस में जेल जाकर पुलिस से बचने की कोशिश, पूछताछ में खुली पूरी साजिश

मुरादाबाद (Threesocieties.com Desk): उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कारोबारी की 23 वर्षीय बेटी अदीला रहमान की हत्या के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। जिस थार SUV को अदीला ने अपने पति गुलफाम अली को प्यार की निशानी के तौर पर गिफ्ट किया था, उसी गाड़ी में आरोपी ने कथित तौर पर उसकी कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में कुदरत का करिश्मा! महिला ने एक साथ दिए 5 बच्चों को जन्म, डॉक्टर भी रह गए हैरान

पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह पति-पत्नी के बीच परिवार को लेकर चल रहा विवाद था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि अदीला चाहती थी कि वह अपने परिवार से सभी रिश्ते खत्म कर ले, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। इसी विवाद ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि अदीला रहमान हैदराबाद में एलएलबी की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात गुलफाम अली से हुई और दोनों ने इसी वर्ष अप्रैल में अजमेर शरीफ में निकाह कर लिया। निकाह के बाद दोनों नोएडा में किराए के फ्लैट में रह रहे थे।

बताया गया कि अदीला आर्थिक रूप से मजबूत परिवार से थी और वह गुलफाम के खर्च भी उठाती थी। उसने अपने पति को एक महंगी थार SUV भी गिफ्ट की थी। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही पारिवारिक रिश्तों को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा।

परीक्षा का बहाना बनाकर निकली थी घर से

25 जून को अदीला अपने परिवार को यह कहकर घर से निकली कि वह हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी में एलएलबी सेकेंड ईयर की परीक्षा देने जा रही है। 29 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने 18 जुलाई को कटघर थाने में गुलफाम अली और उसके भाई कुरबान अली के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरा मामला हत्या में बदल गया।

कार में हुई कहासुनी, फिर चली गोली

पुलिस के मुताबिक, 29 और 30 जून के बीच गुलफाम अली अदीला को लेने थार SUV से पहुंचा। रास्ते में दोनों के बीच एक बार फिर परिवार को लेकर तीखी बहस हुई। आरोपी ने बताया कि गुस्से में उसने दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास देसी तमंचे से अदीला की कनपटी पर गोली मार दी। हत्या के बाद उसने शव को कार में रखकर रुड़की के मंगलौर क्षेत्र की एक नहर में फेंक दिया और सबूत मिटाने की कोशिश की।

शव मिला लेकिन पहचान नहीं हो सकी

4 जुलाई को रुड़की पुलिस ने नहर से एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया था। पुलिस ने पहचान कराने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन 72 घंटे तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर नियमानुसार शव का लावारिस के रूप में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में जब मुरादाबाद पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ीं और आरोपी से पूछताछ की, तब पता चला कि वह शव अदीला रहमान का ही था।

पुराने केस में जेल जाकर बचना चाहता था आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुलफाम अली पहले से रामपुर के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज जानलेवा हमले के एक मामले में वांछित था। हत्या के बाद उसने उसी पुराने केस में अदालत में आत्मसमर्पण कर जेल जाना बेहतर समझा ताकि पुलिस का शक उससे दूर रहे।हालांकि, अदालत से अनुमति मिलने के बाद मुरादाबाद पुलिस ने रामपुर जेल में उससे पूछताछ की, जहां उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, अन्य साक्ष्यों और तकनीकी सबूतों को जुटाने में लगी है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर आरोप पत्र तैयार किया जा रहा है। मामले ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है।