धनबाद गैस कांड: लोहा चोरी बनी मौत का जाल, CPP प्लांट में 5वीं मौत; ‘टार्जन’ ने तोड़ा दम

धनबाद के मुनीडीह स्थित बीसीसीएल CPP प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव से पांचवीं मौत, लोहा चोरी के दौरान हुआ हादसा। रिम्स में इलाज के दौरान इमामुद्दीन उर्फ टार्जन ने तोड़ा दम, इलाके में दहशत।

धनबाद गैस कांड: लोहा चोरी बनी मौत का जाल, CPP प्लांट में 5वीं मौत; ‘टार्जन’ ने तोड़ा दम
बीसीसीएल के बंद कैप्टिव पावर प्लांट।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के मुनीडीह स्थित बीसीसीएल के बंद कैप्टिव पावर प्लांट (CPP) में हुए क्लोरीन गैस रिसाव कांड ने एक और जान ले ली है। गुरुवार को केंदुआ चार नंबर निवासी 30 वर्षीय मो. इमामुद्दीन उर्फ टार्जन की रांची रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

यह भी पढ़ें: धनबाद: जिला में पुलिस में 68 पुलिस सब इंस्पेक्टर-एएसआई का तबादला, कई थानों में बदला पूरा सिस्टम

कैसे हुआ हादसा: लोहा चोरी के दौरान फैली जहरीली गैस

बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल की रात करीब एक दर्जन लोग बंद पड़े प्लांट में लोहा चोरी करने के इरादे से घुसे थे। इसी दौरान चोरों ने क्लोरीन टंकी की पाइप काट दी, जिससे जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस इतनी खतरनाक थी कि उसकी चपेट में आने से कई लोग मौके पर ही गंभीर रूप से बीमार हो गए।

इलाज के दौरान ‘टार्जन’ की मौत

मो. इमामुद्दीन को पहले धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे रांची के रिम्स रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पहले ही जा चुकी हैं चार जानें

इस घटना में पहले ही केंदुआ के संजय यादव, आनंद ताम्रकार, वसीम अंसारी और लोयाबाद के मो. अजहरुद्दीन की मौत हो चुकी है। अब इमामुद्दीन की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या पांच हो गई है।

लोहा चोरी गिरोह से जुड़ा था इमामुद्दीन

स्थानीय लोगों के अनुसार, इमामुद्दीन वेल्डिंग का काम जानता था और हाल के दिनों में टोटो चलाने लगा था। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों से लोहा चोरी करने वाले गिरोह के संपर्क में था, जो इस हादसे का कारण बना।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग अब भी सहमे हुए हैं।

सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

इस हादसे ने बंद पड़े औद्योगिक प्लांट्स की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर कैसे इतनी बड़ी संख्या में लोग प्लांट में घुसकर चोरी कर रहे थे और खतरनाक केमिकल तक पहुंच गए—यह प्रशासन के लिए चिंताजनक है।