धनबाद रेलवे स्टेशन का मेगा ट्रांसफॉर्मेशन: जाम खत्म, गया पुल अंडरपास रहेगा ‘ड्राई’, 180 Kmph स्पीड से दौड़ी ट्रेन
धनबाद रेलवे स्टेशन पर जाम और जलजमाव खत्म करने के लिए नया मास्टर प्लान लागू, गया पुल अंडरपास रहेगा सूखा, 180 Kmph स्पीड ट्रायल सफल, 23,773 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद रेलवे स्टेशन अब बड़े बदलाव की दहलीज पर खड़ा है। शहरवासियों को लंबे समय से परेशान कर रहे स्टेशन जाम और गया पुल अंडरपास में जलजमाव की समस्या से जल्द राहत मिलने वाली है। रेलवे और जिला प्रशासन मिलकर एक व्यापक मास्टर प्लान पर काम कर रहे हैं, जिससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी बल्कि यातायात भी सुगम होगा।
यह भी पढ़ें: पलामू : गुड्डू खलीफा की हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा,’ पार्टनर ने 2 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या
शनिवार को डीआरएम कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने इस महत्वाकांक्षी योजना की विस्तृत जानकारी दी।
स्टेशन जाम से मिलेगी मुक्ति
डीआरएम ने बताया कि स्टेशन के बाहर लगने वाले भारी जाम को खत्म करने के लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत अब केवल वही वाहन स्टेशन परिसर में प्रवेश करेंगे, जिन्हें वास्तव में स्टेशन आना है। बाकी वाहनों को पेट्रोल पंप के पास से ही डायवर्ट कर रांगाटांड़ की ओर भेजा जाएगा। इस योजना को जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है और जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।
गया पुल अंडरपास में नहीं होगा जलजमाव
गया पुल अंडरपास में हर साल बारिश के दौरान जलजमाव एक बड़ी समस्या रही है। अब इससे निपटने के लिए आरसीडी ने ‘संप’ (Sump) का नया डिजाइन तैयार किया है। अंडरपास की सतह से 1–1.5 फीट नीचे संप बनेगा। पानी की निकासी सुनिश्चित होगी।
कास्टिंग का काम जारी है। जल्द पुशिंग शुरू हो जायेगी। इससे बारिश के मौसम में भी अंडरपास चालू रहेगा।
पार्किंग और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार
स्टेशन के बाहर बंद पड़े पेट्रोल पंप की जमीन को साफ कर पार्किंग के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे अवैध पार्किंग और जाम की समस्या में काफी कमी आएगी। इसके अलावा, 15 स्टेशनों पर दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है।
180 Kmph की स्पीड से सफल ट्रायल
भारतीय रेलवे की तेज रफ्तार का उदाहरण बनते हुए धनबाद-गया रेलखंड पर 25 मार्च को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से ट्रेन का सफल ट्रायल किया गया। लाइन इस हाई स्पीड के लिए तैयार है। सुरक्षा के लिए ‘कवच’ प्रणाली पर तेजी से काम हो रहा है।
कई स्पेशल ट्रेनें हुईं स्थाई
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए:
धनबाद–पोत्तनूर
धनबाद–भुवनेश्वर
धनबाद–एलटीटी
स्पेशल ट्रेनों को स्थाई कर दिया गया है। वहीं दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है।
आय और प्रदर्शन में ऐतिहासिक उछाल
धनबाद रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया है। 23,773 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड राजस्व की प्राप्ति हुई है। 194.73 मिलियन टन माल ढुलाई की गयी है। बिलासपुर मंडल को पीछे छोड़ बना देश का अग्रणी मंडल बन गया है। यात्रियों की संख्या में भी 7.88% की वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें कुल 279.25 लाख यात्रियों ने सफर किया।






