हमलों से दहला काबुल, कई लोगों के मारे जाने की आशंका

Advertisement

नई दिल्ली। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में बुधवार को एक के बाद एक धमाके हुए। विस्फोट में मारे जाने वालों की संख्या नहीं है लेकिन अधिकारियों का कहना है कि काफी लोगों के मारे जाने की आशंका है। उनका कहना है कि 20 मिनट के अंदर कई धमाके हुए हैं। समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि वहां मौजूद उसके पत्रकारों ने शहर में कई धमाकों की आवाज सुनी जिसकी पुष्टि पुलिस के प्रवक्ता हश्मतुल्ला एस्तानाकजई ने भी की। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पहला विस्फोट काबुल के पश्चिमी किनारे पर स्थित दश्त-ए-बरची इलाके में हुआ और दूसरा एवं तीसरा विस्फोट शाहरी नाओ में हुआ। अफगानिस्तान में इससे पहले भी तालिबान आतंकियों ने हमला किया है। नंगनहार में तालिबान द्वारा दागे गए मोर्टार में 2 नागरिकों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ का कहना है कि अप्रैल 2018 में सुरक्षा बलों द्वारा अपना आक्रमण शुरू करने के बाद तालिबान ने देशभर में सुरक्षा बलों के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। यूएन के आंकड़ों के मुताबिक 2017 में संघर्ष से संबंधित घटनाओं में 3,430 नागरिकों की मौत हो गई और 7 हजार से ज्यादा घायल हुए हैं।