150 करोड़ की संपत्ति बनी खूनी वजह! गाजियाबाद में बेटे ने पिता पर दागीं 7 गोलियां, 8 साल पहले भाई को भी मारी थी गोली

गाजियाबाद के मोदीनगर में 150 करोड़ रुपये की संपत्ति विवाद ने पिता-पुत्र के रिश्ते को खून में बदल दिया। बेटे निखिल नेहरा ने पिता हरिओम नेहरा पर सात गोलियां दागकर हत्या कर दी। आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

150 करोड़ की संपत्ति बनी खूनी वजह! गाजियाबाद में बेटे ने पिता पर दागीं 7 गोलियां, 8 साल पहले भाई को भी मारी थी गोली
पिती हरिओम नेहरा व आरोपित निखिल(फाइल फोटो)।

Advertisement

    HighLights:

  • गाजियाबाद के मोदीनगर के बुदाना गांव में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की।
  • 150 करोड़ रुपये की संपत्ति अपने नाम कराने को लेकर चल रहा था विवाद।
  • आरोपी निखिल नेहरा ने पिता हरिओम नेहरा पर सात राउंड फायरिंग की।
  • चार गोलियां सिर, सीने और गले में लगीं, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
  • 2018 में आरोपी छोटे भाई पर भी गोली चला चुका था।
  • पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

गाजियाबाद (Threesocieties.com Desk):  उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर थाना क्षेत्र के बुदाना गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करीब 150 करोड़ रुपये की पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने कथित तौर पर पिता पर सात राउंड फायरिंग की, जिनमें चार गोलियां उनके सिर, सीने और गले में लगीं। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: निरसा के कंचनडीह में आज से गूंजेगा 'जय श्रीराम', 9 दिवसीय भव्य श्रीराम कथा में राजन जी महाराज सुनाएंगे अमृतवाणी

नशे की हालत में घर पहुंचा, फिर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे आरोपी निखिल नेहरा नशे की हालत में घर पहुंचा। घर के बाहर खड़े उसके पिता हरिओम नेहरा ने उसे टोका, जिसके बाद दोनों के बीच पहले से चल रहे संपत्ति विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। शोर सुनकर हरिओम की पत्नी मीनाक्षी और छोटा बेटा नीशू भी मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन निखिल गुस्से में आ गया। उसने अपनी पिस्टल निकालकर पिता पर ताबड़तोड़ सात गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गया।

चार गोलियां लगीं, अस्पताल में तोड़ा दम

फायरिंग में हरिओम नेहरा को चार गोलियां लगीं। परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पत्नी मीनाक्षी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

150 करोड़ की संपत्ति को लेकर था विवाद

परिजनों के अनुसार, हरिओम नेहरा के पास दादा की छोड़ी हुई लगभग 75 बीघा जमीन, छह दुकानें, एक कॉम्प्लेक्स और अन्य कीमती जमीन थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। परिवार में विवाद न हो, इसके लिए हरिओम ने मौखिक रूप से संपत्ति के तीन हिस्से कर दिए थे। आरोपी निखिल को 25 बीघा जमीन और दो दुकानें दी गई थीं, जबकि बाकी संपत्ति छोटे बेटे और स्वयं अपने पास रखी थी। इसके बावजूद निखिल पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। हरिओम को आशंका थी कि यदि पूरी संपत्ति उसके नाम कर दी गई तो वह उसे बेच देगा।

नई खरीदी गई जमीन को लेकर भी बढ़ा था तनाव

कुछ समय पहले हरिओम ने बुदाना रोड पर करीब पांच बीघा जमीन खरीदी थी। वह वहां बैंक्वेट हॉल बनाने की योजना बना रहे थे, जबकि निखिल उसी जमीन पर कॉलोनी विकसित करना चाहता था। इसी मुद्दे को लेकर भी परिवार में लगातार विवाद हो रहा था।

2018 में छोटे भाई पर भी चला चुका था गोली

यह पहला मामला नहीं है जब निखिल ने परिवार के किसी सदस्य पर जानलेवा हमला किया हो। वर्ष 2018 में उसने अपने छोटे भाई नीशू नेहरा को भी गोली मार दी थी। गोली उसके पेट में लगी थी, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई थी। उस समय परिवार की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

पुलिस का कहना है कि आरोपी निखिल नेहरा की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर बताती है कि संपत्ति विवाद किस तरह पारिवारिक रिश्तों को हिंसा में बदल सकता है। प्रारंभिक जांच में हत्या का प्रमुख कारण संपत्ति को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद माना जा रहा है।